लोगों ने तीन नाबालिगों को पकड़कर पुलिस को सौंपा
परसुडीह के तिलकागढ़ व बगान टोला में चोरी की घटना को दिया अंजाम
शोर मचने पर बस्ती वालों ने दौड़ाकर पकड़ा
पुलिस ने एक चोरी का मोबाइल बरामद किया
Jamshedpur News :
परसुडीह थानांतर्गत तिलकागढ़ और बगान टोला के तीन घरों में घुसकर मोबाइल और नकद की चोरी कर ली गयी. हालांकि लोगों ने तीनों नाबालिगों को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया. पुलिस ने नाबालिग की निशानदेही पर छापेमारी कर एक मोबाइल बरामद कर लिया है. हालांकि इस मामले में अब तक कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं करायी गयी है. घटना शुक्रवार देर रात की है. घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार तिलकागढ़ निवासी दुर्गा मुर्मू के घर में तीन-चार की संख्या में नाबालिग घुसे और मोबाइल व नकद की चोरी कर ली. इस दौरान जब घर में सो रहे लोगों को इसकी जानकारी मिली तो परिवार के लोगों ने शोर मचाना शुरू किया. उसके बाद बस्ती के लोगों ने दौड़ा कर तीनों को पकड़ लिया. सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों को पकड़ कर थाना ले गयी. पूछताछ के क्रम में पता चला कि उन लोगों ने बगान टोला और चांदनी चौक में भी घर से मोबाइल की चोरी की है. परसुडीह थाना प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि बस्ती के लोगों ने तीन नाबालिग को पकड़ कर पुलिस को सौंपा है. उन सभी से गिरोह के बारे में जानकारी ली जा रही है. चोरी का एक मोबाइल पुलिस ने बरामद किया है. सभी से पूछताछ की जा रही है. फिलहाल इस मामले में कोई लिखित आवेदन नहीं मिला है.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
