जमशेदपुर: पारडीह स्थित कालीबाड़ी मंदिर परिसर में शनिवार रात नाबालिगों के साथ पुलिस द्वारा कथित मारपीट को लेकर स्थानीय लोगों और मंदिर कमेटी में आक्रोश है. लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और आजादनगर थाना प्रभारी को निलंबित करने की मांग की है. साथ ही सोमवार को मामले की शिकायत एसएसपी से करने की बात कही. बस्तीवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि आरोपी थाना प्रभारी पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो वे आंदोलन करने से भी नहीं चूकेंगे.
थाना प्रभारी पर बच्चों और महिलाओं से अभद्र व्यवहार का आरोप
लोगों का आरोप है कि आजादनगर थाना प्रभारी चंदन कुमार दल-बल के साथ मंदिर परिसर में पहुंचे और वहां मौजूद बच्चों के साथ मारपीट की. बीच-बचाव करने पहुंची महिलाओं के साथ भी गाली-गलौज व अभद्र व्यवहार का आरोप लगाया गया. इस घटना में घायल पांच बच्चों गणेश महतो, रूपम डे, गुरुपद गोस्वामी, समीर और कुणाल का घर मंदिर परिसर के अंदर ही स्थित है.
आपात बैठक में आंदोलन की चेतावनी
घटना के विरोध में रविवार को मंदिर परिसर में आपात बैठक बुलायी गयी. इसमें पारडीह की दोनों दुर्गा पूजा समितियों के प्रतिनिधि, विश्व हिंदू परिषद (विहिप), स्थानीय विधायक व मेयर के प्रतिनिधि और पार्षद सहित सैकड़ों बस्तीवासी शामिल हुए. वक्ताओं ने कहा कि पुलिस कानून-व्यवस्था बनाये रखने के लिए है, न कि निर्दोष बच्चों और महिलाओं पर अत्याचार करने के लिए.
सोमवार को एसएसपी से मिलेगा प्रतिनिधिमंडल
बैठक में निर्णय लिया गया कि सोमवार की सुबह 10 बजे मंदिर कमेटी और स्थानीय लोगों का संयुक्त प्रतिनिधिमंडल एसएसपी से मुलाकात करेगा. प्रतिनिधिमंडल मामले की निष्पक्ष जांच कराने और आजादनगर थाना प्रभारी चंदन कुमार को तुरंत निलंबित करने की मांग का ज्ञापन सौंपेगा. बस्तीवासियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि आरोपी थाना प्रभारी पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो वे उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे.
