वरीय संवाददाता, जमशेदपुर
नेताजी सुभाष यूनिवर्सिटी (NSU) का चौथा कन्वोकेशन 7 अगस्त को आयोजित होगा. विश्वविद्यालय परिसर में होने वाले इस समारोह में ग्रेजुएशन, पोस्ट ग्रेजुएशन और पीएचडी के 1600 से अधिक विद्यार्थियों को डिग्री दी जाएगी.
एनएसयू के चांसलर मदन मोहन सिंह ने मंगलवार को रांची स्थित राजभवन में राज्यपाल से मुलाकात कर उन्हें विश्वविद्यालय के चौथे कन्वोकेशन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का निमंत्रण दिया. राज्यपाल ने निमंत्रण स्वीकार कर लिया है और इसकी लिखित सूचना जिला प्रशासन को भी भेज दी गई है. इस दौरान विश्वविद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों, रिसर्च वर्क और भविष्य की योजनाओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई.
34 कोर्स के विद्यार्थियों को मिलेगी डिग्री
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, कन्वोकेशन में 34 अलग-अलग कोर्स के विद्यार्थियों को डिग्री दी जाएगी. वर्ष 2025 के एकेडमिक सेशन में बेहतर प्रदर्शन करने वाले 40 विद्यार्थियों को गोल्ड मेडल और 40 विद्यार्थियों को सिल्वर मेडल दिया जाएगा. इसके अलावा 36 रिसर्च स्कॉलर्स को पीएचडी की डिग्री भी प्रदान की जाएगी.
इस बार का कन्वोकेशन होगा ऐतिहासिक
विश्वविद्यालय के कुलाधिपति मदन मोहन सिंह ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि कन्वोकेशन हर विद्यार्थी के जीवन का खास और गर्व का पल होता है. यह सिर्फ डिग्री हासिल करने का अवसर नहीं, बल्कि वर्षों की मेहनत, अनुशासन और समर्पण का सम्मान भी है. उन्होंने कहा कि इस साल का कन्वोकेशन विश्वविद्यालय के लिए ऐतिहासिक होगा.
