जमशेदपुर : कदमा के होटल कारोबारी निखार सबलोक की हत्या की गुत्थी सुलझाने में जमशेदपुर और सरायकेला-खरसावां पुलिस की टीम को कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं. पुलिस सूत्रों के अनुसार, निखार की हत्या के लिए पहली बार तीन शूटर उत्तर प्रदेश से जमशेदपुर पहुंचे थे. उन्होंने निखार की गतिविधियों की रेकी की, लेकिन हत्या के लिए अनुकूल मौका नहीं मिलने के कारण तीनों वापस लौट गए. इसके बाद साजिशकर्ताओं ने दोबारा हत्या की योजना बनाई. शूटरों को सुपारी देकर शहर बुलाया. इस बार दो शूटर जमशेदपुर पहुंचे. रेकी करने के बाद दोनों ने 24 अगस्त की दोपहर एनएच-33 स्थित होटल टेंथ माइल स्टोन में निखार सबलोक की हत्या कर दी. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, दोनों शूटर उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं. पुलिस ने अब तक निखार हत्याकांड में कुल छह लोगों को गिरफ्तार किया है.
एक शूटर यूपी से गिरफ्तार, दूसरा अब भी फरार
पुलिस सूत्रों के अनुसार, एक शूटर को उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार कर लिया गया है. वहीं, सरायकेला-खरसावां और जमशेदपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने हत्याकांड में अब तक छह लोगों को गिरफ्तार किया है. इनमें एक शूटर भी शामिल है. हालांकि, हत्याकांड में शामिल एक अन्य शूटर अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है. पुलिस को उसके संभावित ठिकाने और लोकेशन की जानकारी मिली है. उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस हत्या की वजह और साजिश में शामिल अन्य लोगों की भूमिका को जोड़ने में जुटी है.
25 लाख की सुपारी या 15 लाख? पुलिस कर रही जांच
पुलिस जांच में सुपारी की रकम को लेकर भी अलग-अलग जानकारी सामने आई है. सूत्रों के अनुसार, पहले 25 लाख रुपये की सुपारी दिए जाने की बात सामने आयी है. वहीं, शूटरों को 15 लाख रुपये में हत्या की सुपारी दिए जाने की जानकारी भी पुलिस को मिली है. हालांकि, इनमें से कौन-सी रकम सही है, पुलिस इस बिंदु पर जांच कर रही है.
शूटरों के लिए खरीदी गयी थी कार और बाइक
जांच में यह भी सामने आया है कि शूटरों के लिए आईटेन कार के साथ एक बाइक भी खरीदी गयी थी. पुलिस ने बाइक जब्त कर ली है. बताया जा रहा है कि निखार की रेकी के दौरान शूटरों ने इसी बाइक का इस्तेमाल किया था. पुलिस अब वाहन की खरीद, उसके इस्तेमाल और आरोपियों के बीच कनेक्शन की भी जांच कर रही है.
24 अगस्त को होटल में बरसाईं थीं 11 गोलियां
24 अगस्त की दोपहर करीब तीन बजे एनएच-33 स्थित होटल टेंथ माइल स्टोन में निखार सबलोक की गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी. अपराधियों ने निखार को 11 गोलियां मारी थीं. वारदात के बाद दोनों शूटर बेखौफ तरीके से होटल से बाहर निकले और बाहर निखार का इंतजार कर रहे उसके साथियों पर भी फायरिंग की. इसके बाद दोनों कार में सवार होकर मौके से फरार हो गए. पुलिस का दावा है कि हत्याकांड की साजिश, हत्या की वजह और इसमें शामिल कई लोगों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिल चुकी है. हालांकि, आधिकारिक तौर पर पुलिस ने अब तक मामले का खुलासा नहीं किया है. फरार शूटर और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस पूरे हत्याकांड का औपचारिक खुलासा कर सकती है.
