जमशेदपुर : लगातार बारिश और डैम से छोड़े गए पानी से सुवर्णरेखा व खरकई नदियां उफान पर हैं. इसके कारण जुगसलाई के हबीबनगर और गरीब नवाज कॉलोनी समेत निचले इलाकों में बाढ़ का पानी घुस गया है. कई घरों में पानी भरने से लोग तिरपाल के सहारे रहने को मजबूर हैं.
बस्तियों में पहुंचे नौशीन व हिदायतुल्लाह, जाना हाल
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जुगसलाई नगर परिषद अध्यक्ष नौशीन खान और अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष हिदायतुल्लाह खान ने बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया. दोनों नेताओं ने पीड़ितों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की व्यवस्था करायी.
मदद के लिए मंत्री व उपायुक्त से की बातचीत
राहत कार्यों को तेज करते हुए नौशीन खान ने अधिकारियों को हर घर तक भोजन, साफ पानी और रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. वहीं, हिदायतुल्लाह खान ने बताया - मामले को लेकर जिले के उपायुक्त और अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री हफीजुल हसन अंसारी से बात की गई है. अधिकारियों को पत्राचार कर सरकारी राहत कार्य में तेजी लाने को कहा गया है. नेताओं ने भरोसा जताया कि जब तक स्थिति सामान्य नहीं होती, राहत अभियान जारी रहेगा.
