झारखंड के जमशेदपुर में मनोज तिवारी, शक्ति कपूर समेत इन अभिनेताओं पर दर्ज होगा केस, जानें पूरा मामला

मैक्सिजोन टच प्राइवेट लिमिटेड के फर्जीवाड़े में अभिनेता मनोज तिवारी, गोविंदा, चंकी पांडे, शक्ति कपूर, राजा मुराद कई लोगों पर केस दर्ज करने का आदेश दिया गया है. इन लोगों ने कंपनी का प्रचार प्रसार किया था, जिसके वजह से लोग इनके झांसे में आ गये.

जमशेदपुर: मैक्सिजोन टच प्राइवेट लिमिटेड के 150 करोड़ के फर्जीवाड़ा में भाजपा सांसद व फिल्म अभिनेता मनोज तिवारी, गोविंदा, चंकी पांडे, शक्ति कपूर, राजा मुराद के अलावा कंपनी के एमडी चंद्रभूषण सिंह, प्रियंका सिंह और परसुडीह विद्यासागर पल्ली निवासी सूर्य नारायण पात्रो के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जायेगी. फर्जीवाड़ा के शिकार नौ लोगों ने अधिवक्ता विद्या सिंह के माध्यम से सीजेएम की अदालत में शिकायतवाद दाखिल किया है.

कोर्ट ने मामले में संज्ञान में प्राथमिकी दर्ज कर जांच करने का आदेश दिया है. मानगो निवासी सुबोध कुमार सिंह, मिथलेश कुमार सिंह, गोविन्दपुर निवासी रविन्द्र कुमार सिंह, उनकी पत्नी पूनम सिंह, मानगो जवाहरनगर निवासी अजीत कुमार, गोलमुरी निवासी तीर्थराज पांडे, उनकी पत्नी सोनी कुमारी, मानगो डिमना रोड निवासी लक्ष्मी तिवारी और उनके पति अरविंद तिवारी आदि ने 30 लाख रुपये धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज करायी है.

मामले की प्राथमिकी साकची थाना दर्ज की जायेगी. शिकायतवाद में लोगों ने बताया है कि कंपनी द्वारा 15 प्रतिशत ब्याज देने की बात कहकर एजेंट सूर्य नारायण पात्रो ने लोगों से रुपये निवेश कराये. इस कंपनी का प्रचार अभिनेता मनोज तिवारी, गोविंदा, शक्ति कपूर, चंकी पांडे और राजा मुराद द्वारा किया जाता था. जिसके झांसे में आकर लोगों ने अपनी पूंजी कंपनी में निवेश किया. इससे पहले साकची थाना में कंपनी के डायरेक्टर चंद्रभूषण सिंह और प्रियंका सिंह के खिलाफ केस दर्ज करवाया गया था.

Posted By: Sameer Oraon

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sameer Oraon

इंटरनेशनल स्कूल ऑफ बिजनेस एंड मीडिया से बीबीए मीडिया में ग्रेजुएट होने के बाद साल 2019 में भारतीय जनसंचार संस्थान दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया. 5 साल से अधिक समय से प्रभात खबर में डिजिटल पत्रकार के रूप में कार्यरत हूं. इससे पहले डेली हंट में बतौर प्रूफ रीडर एसोसिएट के रूप में काम किया. झारखंड के सभी समसामयिक मुद्दे खासकर राजनीति, लाइफ स्टाइल, हेल्थ से जुड़े विषयों पर लिखने और पढ़ने में गहरी रुचि है. तीन साल से अधिक समय से झारखंड डेस्क पर काम कर रहा हूं. फिर लंबे समय तक लाइफ स्टाइल के क्षेत्र में भी काम किया हूं. इसके अलावा स्पोर्ट्स में भी गहरी रुचि है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >