मानगो नगर निगम ने तैयार की योजना, जल जमाव और धूल से मुक्ति के लिए तैनात होंगे 160 सफाई मित्र
तीन जोन में बंटा नालों की सफाई का काम, 15 मई तक पूरी होगी चयन प्रक्रिया, जून के पहले सप्ताह से धरातल पर उतरेगी योजना
वरीय संवाददाता, जमशेदपुर
मॉनसून से पहले मानगो में बड़े नालों की सफाई करायी जायेगी. बारिश में नालों का पानी घरों में नहीं घुसे, इसके लिए मानगो नगर निगम ने योजना तैयार की है. मानगो को तीन जोन में बांटकर काम कराया जायेगा. इसके तहत तेजाब तालाब से सुवर्णरेखा नदी तक क्षेत्र में कुंवर बस्ती और उससे सटे बड़े नालों की सफाई होगी. जवाहर नगर से देशबंधु लाइन से रोड नंबर-13 के कब्रिस्तान से मयंक मृणाल अस्पताल होते हुए देशबंधु लाइन तक के बड़े नालों को दुरुस्त किया जायेगा. शांतिनगर से खड़िया बस्ती में पारस नगर, बाबा फर्नीचर और डिमना चौक के बड़े नालों की सफाई कर उन्हें नदी से जोड़ा जायेगा. कुल 90 सफाई कर्मी (प्रति जोन 30) अभियान में उतरेंगे.रात में होगी सड़कों की सफाई
मानगो चौक से डिमना और पुरुलिया रोड तक अब रात में सफाई होगी. इसके लिए निगम ने 70 सफाई कर्मियों की टीम तैयार की है. दिन में सफाई व्यवस्था से यह अलग होगी. मानगो चौक से डिमना चौक के बीच 30 कर्मी तैनात रहेंगे. वहीं, न्यू और ओल्ड पुरुलिया रोड के लिए 20-20 कर्मी रात में झाड़ू लगायेंगे. विशेष सफाई अभियान के लिए टेंडर जारी कर दिया गया है.
