पूर्वी सिंहभूम में एक बार फिर बारिश का दौर तेज होने वाला है. बंगाल की खाड़ी में बने अवदाब का असर अब झारखंड में साफ दिखाई देने लगा है. मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे के दौरान जिले के कई इलाकों में भारी बारिश की संभावना जताई है. लगातार हो रही बारिश के बीच सुवर्णरेखा और खरकई नदी का जलस्तर भी चिंता का कारण बना हुआ है. ऐसे में निचले इलाकों में रहने वाले लोगों की परेशानी बढ़ सकती है.
बंगाल की खाड़ी में बना अवदाब
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे सटे पश्चिम बंगाल-उत्तरी ओडिशा तट पर बना अवदाब सक्रिय है. अगले 24 घंटे में इसके झारखंड और बिहार की ओर बढ़ने की संभावना है. इसके प्रभाव से मंगलवार और बुधवार को राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. वहीं, पूर्वी सिंहभूम के कई इलाकों में भारी बारिश का अनुमान है.
धालभूमगढ़ में सबसे ज्यादा 90.8 मिमी बारिश दर्ज
बीते 24 घंटे के दौरान पूर्वी सिंहभूम के धालभूमगढ़ में राज्य में सबसे अधिक 90.8 मिमी बारिश दर्ज की गई. इसके अलावा मुसाबनी में 68.6 मिमी, गुड़ाबांधा में 49.2 मिमी, बहरागोड़ा में 44.6 मिमी और घाटशिला में 30.6 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई. सोमवार दोपहर जमशेदपुर में भी झमाझम बारिश हुई, जिससे मौसम सुहावना हो गया.
सुवर्णरेखा और खरकई नदी के जलस्तर पर प्रशासन की नजर
लगातार बारिश के कारण सुवर्णरेखा और खरकई नदी का जलस्तर अभी भी चिंता का विषय बना हुआ है. हालांकि, पहले की तुलना में दोनों नदियों के जलस्तर में कुछ कमी आई है, लेकिन अगले दो दिनों में बारिश का दौर तेज होने पर जलस्तर फिर बढ़ सकता है. प्रशासन भी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है. सोमवार को जमशेदपुर का अधिकतम तापमान 32.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. बारिश के कारण उमस से लोगों को राहत मिली, लेकिन मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे तक सतर्क रहने की सलाह दी है.
