नकली पुलिस बनकर ठगी और छिनतई करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, दो शातिर अपराधी गिरफ्तार

जमशेदपुर पुलिस ने केस मैनेज करने के बहाने लूटपाट करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है. इस मामले में दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनके पास से लूटा गया सामान भी बरामद हुआ है.

जमशेदपुर : केस मैनेज करने का झांसा देकर एमजीएम थाना क्षेत्र के डिमना से गोलमुरी के सुनसान जगह पर ले जाकर लूटपाट करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा कर लिया है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में संलिप्त दो शातिर अपराधियों को लूटे गये सामान के साथ गिरफ्तार कर लिया है.

डरा-धमकाकर लूटे थे नकद, बाइक और मोबाइल

शनिवार को केस का उद्भेदन करते हुए डीएसपी पटमदा दयानंद कुमार ने बताया कि घटना 13 सितंबर 2026 की है. अपराधियों ने बिरेन दास को आरबीएस एकेडमी डिमना के पास से केस मैनेज करने का झांसा दिया और गोलमुरी थाना क्षेत्र के आनंदनगर स्थित एक सुनसान जगह पर ले गये. वहां अपराधियों ने पीड़ित को डराया-धमकाया और जेब से 25,600 रुपये नकद, दो सैमसंग मोबाइल और उनकी स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (जेएच05डीजे 0785) लेकर फरार हो गये थे. इस संबंध में पीड़ित द्वारा एमजीएम थाने में मामला दर्ज कराया गया था.

गुप्त सूचना और तकनीकी साक्ष्य से मिली सफलता

डीएसपी दयानंद कुमार ने बताया कि एमजीएम थाना पुलिस ने गुप्त सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए दोनों अपराधियों को पीड़ित से छीनी गयी बाइक और मोबाइल के साथ गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार युवकों में कोलकाता टॉलीगंज आजादगढ़ निवासी बंटी गुहा और मानगो रब्बानी कॉलोनी निवासी इम्तियाज खान शामिल है. गिरफ्तार युवकों ने बाइक का नंबर प्लेट बदल डब्लूबी05डीजी0876 नंबर लगा दिया था. गिरफ्तार बंटी गुहा एक पेशेवर अपराधी है, उसके खिलाफ कदमा, सीतारामडेरा, जुगसलाई, टेल्को, सिदगोड़ा, परसुडीह और कांड्रा थाना में 11 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं. वहीं दूसरे अभियुक्त इम्तियाज खान के खिलाफ भी बागबेड़ा थाना में मामला दर्ज है.

लूटकांड को अंजाम देने के बाद बाइक से ही गये कोलकाता

डीएसपी दयानंद कुमार ने बताया कि 13 सितंबर को लूटकांड को अंजाम देने के बाद दोनों बदमाश बाइक से ही कोलकाता चले गये. गिरफ्तार बंटी गुहा का कोलकाता के टॉलीगंज स्थित आजदलेन में घर है. वहां लूटे गये रुपये को मौज मस्ती कर खर्च कर दिये. फिर नंबर प्लेट बदल कर वापस उसी बाइक से जमशेदपुर पहुंचे. दोनों फिर किसी घटना को अंजाम देने की फिराक में थे, मगर उससे पहले ही गिरफ्तार हो गये.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Shyam narayan jha

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >