Jamshedpur News : कैरव गांधी ने घाघीडीह जेल में टीआई परेड में की बदमाशों की पहचान
बिष्टुपुर सीएच एरिया के युवा उद्यमी कैरव गांधी के अपहरण मामले में शुक्रवार को घाघीडीह जेल में टीआई परेड करायी गयी. इस दौरान कैरव गांधी ने अपहरण में शामिल बदमाशों की बारी-बारी से पहचान की.
बिष्टुपुर पुलिस व मजिस्ट्रेट के साथ घाघीडीह जेल पहुंचा था कैरव गांधी
Jamshedpur News :
बिष्टुपुर सीएच एरिया के युवा उद्यमी कैरव गांधी के अपहरण मामले में शुक्रवार को घाघीडीह जेल में टीआई परेड करायी गयी. इस दौरान कैरव गांधी ने अपहरण में शामिल बदमाशों की बारी-बारी से पहचान की. इस दौरान कई अन्य अपराधियों को भी टीआई परेड में शामिल किया गया था. शुक्रवार को कैरव गांधी को भारी सुरक्षा में बिष्टुपुर थाना की पुलिस मजिस्ट्रेट के साथ लेकर घाघीडीह जेल पहुंची थी. करीब एक घंटे तक घाघीडीह जेल में रहने के बाद सभी वापस लौट गये. कैरव गांधी अपहरण मामले में घाघीडीह जेल में कुल 11 आरोपी गुड्डू सिंह (नालंदा), मो. इमरान (नालंदा), उपेंद्र सिंह (गया), अर्जुन सिंह (गया), रमीज रजा (नालंदा), मोहन प्रसाद (सारण), मनप्रीत सिंह (लुधियाना), अमरिंदर सिंह (लुधियाना), गुरदीत शेर सिंह (कोलकाता), संतोष कुमार (दिल्ली) और राजकरण यादव (शेखपुरा) बंद है. इस मामले में बिष्टुपुर थाना की पुलिस ने गत 28 अप्रैल को कोर्ट में चार्जशीट दाखिल की है. मालूम हो कि गत 13 जनवरी को बिष्टुपुर सीएच एरिया निवासी व युवा उद्यमी कैरव गांधी का कदमा-सोनारी लिंक रोड गोलचक्कर के पास से अपहरण कर लिया गया था. करीब 13 दिनों तक अपराधियों ने कैरव गांधी को गयाजी में छुपा कर रखा था. जिसके बाद पुलिस ने कैरव गांधी को बरामद कर घरवालों को सौंपा था.
मुख्य आरोपी तजिंदर पाल, साद आलम, रुपेश पासवान अभी भी पुलिस गिरफ्त से दूर
कैरव गांधी अपहरण मामले में मुख्य आरोपी लुधियाना निवासी तजिंदर पाल सिंह, उसके मुख्य सहयोगी नालंदा निवासी साद आलम के अलावा गयाजी निवासी रुपेश पासवान व उसके सहयोगी को पुलिस अबतक गिरफ्तार नहीं कर सकी है. पुलिस ने तजिंदर पाल सिंह के खिलाफ लुक आऊट वारंट जारी किया है.