जमशेदपुर : जमशेदपुर हॉस्पिटल एम्प्लॉइज यूनियन के अंतर्गत डॉ. टीसी जॉन मेमोरियल चैरिटेबल फाउंडेशन ट्रस्ट के कर्मचारियों के वार्षिक बोनस को लेकर गुरुवार को प्रबंधन एवं यूनियन के बीच समझौता हुआ. ट्रस्ट की आर्थिक और वित्तीय परिस्थितियों तथा मुनाफे में कमी के बावजूद प्रबंधन ने 8.33 प्रतिशत बोनस के अतिरिक्त प्रत्येक पात्र कर्मचारी को 4,000 की राशि एक्स-ग्रेशिया के रूप में भुगतान करने पर सहमति जतायी.
कर्मचारियों में बांटे जायेंगे 9.25 लाख
समझौते के तहत ट्रस्ट में कार्यरत कर्मचारियों के बीच कुल लगभग 9.25 लाख की राशि बोनस एवं एक्स-ग्रेशिया के रूप में वितरित की जायेगी. यूनियन ने कर्मचारियों के हित में सकारात्मक एवं सौहार्दपूर्ण रवैया अपनाने के लिए प्रबंधन का आभार जताया.
समझौते पर इन्होंने किये हस्ताक्षर
बोनस समझौते पर प्रबंधन की ओर से चेयरपर्सन डॉ. विनीता सिंह, ट्रस्टी डॉ. आसिफ अहमद, ट्रस्टी डॉ. कीर्ति भूषण और सेक्रेटरी डॉ. एस भट्टाचार्य और यूनियन की ओर से अध्यक्ष राकेश्वर पांडे, परविंदर सिंह सोहल, महामंत्री मनोज कुमार सिंह, सहायक सचिव सोमनाथ पोद्दार एवं प्रशांत महतो ने हस्ताक्षर किये. यूनियन पदाधिकारियों ने कहा कि मौजूदा आर्थिक परिस्थितियों में कर्मचारियों के हितों को प्राथमिकता देते हुए प्रबंधन का लिया गया निर्णय अत्यंत सराहनीय है. इस समझौते से कर्मचारियों में संतोष एवं उत्साह का माहौल है. प्रबंधन और यूनियन के बीच आपसी विश्वास व सहयोग और प्रगाढ़ हुआ है.
