पुलिस ने घेरा तो भागने लगा शिबू, अचानक निकली 9mm पिस्टल और फिर...

जमशेदपुर के होटल कारोबारी निखार सबलोक हत्याकांड का मुख्य शूटर सागर सिंह उर्फ शिबू धनबाद के निरसा में पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में घायल हो गया. खुद को घिरा देख शूटर ने पुलिस पर फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस की गोली लगने से वह घायल हुआ.

जमशेदपुर. जमशेदपुर के होटल कारोबारी निखार सबलोक हत्याकांड में वांछित मुख्य शूटर सागर सिंह उर्फ विजय सिंह उर्फ शिबू बुधवार को धनबाद के निरसा में पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में घायल हो गया. पुलिस के अनुसार, शिबू ने पुलिस टीम को देखते ही 9 एमएम पिस्टल से फायरिंग शुरू कर दी. जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में छह गोलियां लगीं. उसे गंभीर हालत में धनबाद के एसएनएमएमसीएच अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कड़ी सुरक्षा में उसका इलाज चल रहा है.

आनंद वाटिका रेजिडेंसी में छिपा था शिबू

पुलिस को सूचना मिली थी कि उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर निवासी शिबू निरसा थाना क्षेत्र के हाथबाड़ी स्थित आनंद वाटिका रेजिडेंसी में छिपा हुआ है. इसके बाद धनबाद एसएसपी प्रभात कुमार के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया. बुधवार शाम करीब 5:15 बजे पुलिस टीम ने रेजिडेंसी में दबिश दी. पुलिस के पहुंचते ही शिबू और उसके साथियों को घेराबंदी की भनक लग गयी और उन्होंने भागने का प्रयास किया.

थाना प्रभारी पर तीन राउंड फायरिंग

अस्पताल में भर्ती शिबू को देखने पहुंचे एसएसपी प्रभात कुमार

पुलिस के मुताबिक, खुद को घिरता देख शिबू ने निरसा के कार्यवाहक थाना प्रभारी बालेश्वर सिंह पर तीन राउंड फायरिंग की. पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए फायरिंग की. पुलिस के अनुसार छह राउंड फायरिंग की गयी, जबकि स्थानीय लोगों ने करीब 10 राउंड गोली चलने की बात कही है. जवाबी कार्रवाई में शिबू के दोनों पैरों में छह गोलियां लगीं. एक्स-रे रिपोर्ट के अनुसार दाहिने पैर में चार और बाएं पैर में दो गोलियां लगी हैं.

दो साथी हथियार के साथ फायरिंग करते हुए फरार

एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि शिबू के दो साथी पुलिस पर फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गये. दोनों के पास हथियार होने की बात सामने आयी है. पुलिस उनकी तलाश में छापेमारी कर रही है. शिबू के दो अन्य सहयोगियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि धनबाद में शिबू को किसने बुलाया था और उसके साथ कौन-कौन लोग जुड़े हुए थे.

धनसार से पकड़े गये युवकों से मिली थी पहली कड़ी

पुलिस के अनुसार, धनसार इलाके से दो युवकों को पकड़ा गया था. पूछताछ के दौरान उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश का एक अपराधी धनबाद में मौजूद है. हालांकि उस समय उसके ठिकाने की जानकारी नहीं थी. जांच आगे बढ़ी तो पुलिस को निरसा इलाके में कुछ अपराधियों के छिपे होने की सूचना मिली. इसी आधार पर हाथबाड़ी में कार्रवाई की गयी.

प्रारंभिक पूछताछ में एक धनबाद निवासी व्यक्ति का नाम भी सामने आया है. पुलिस को संदेह है कि इसी व्यक्ति ने किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए अपराधियों को बुलाया था. पुलिस उसकी भी तलाश कर रही है.

निखार सबलोक हत्याकांड में मुख्य शूटर है शिबू

24 अगस्त 2026 को जमशेदपुर के टेंथ माइल स्टोन होटल के पास व्यवसायी निखार सबलोक की गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी. पुलिस जांच में सागर सिंह उर्फ शिबू का नाम मुख्य शूटर के रूप में सामने आया था. हत्या के बाद से वह फरार था. पुलिस के अनुसार, निखार की हत्या के लिए अशोक सिंह राघव ने शिबू को 20 लाख रुपये की सुपारी दी थी. शूटरों के ठहरने और हथियार की व्यवस्था अभिमन्यु सिंह उर्फ सिंटू सिंह ने की थी.

इस मामले में पुलिस नौ आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है. इनमें सुलतानपुर निवासी अंकित कुमार सिंह, प्रमोद सिंह, अभिनव यादव, राज कुमार सिंह उर्फ प्रिंस, सोनारी खूंटाडीह निवासी अशोक सिंह राघव, कपाली निवासी अभिमन्यु सिंह उर्फ सिंटू, सोनारी निवासी सुशील केराई, मानगो निवासी सुनील रजक और रितेश सिंह शामिल हैं.

नीरज सिंह हत्याकांड में भी आरोपी रहा है शिबू

सागर सिंह उर्फ शिबू का नाम धनबाद के चर्चित पूर्व डिप्टी मेयर नीरज सिंह हत्याकांड से जुड़े मामले में भी सामने आ चुका है. सरायढेला थाना कांड संख्या 48/17 में उसका नाम दर्ज है. पुलिस के अनुसार, उत्तर प्रदेश और झारखंड में उसके खिलाफ कई मामले दर्ज हैं. उत्तर प्रदेश के विभिन्न थानों में हत्या के प्रयास, हत्या, आर्म्स एक्ट और धोखाधड़ी समेत कई धाराओं में केस दर्ज हैं.

पुलिस ने हाथबाड़ी जंगल से हथियार बरामद किये

पुलिस ने घायल शिबू की निशानदेही पर हाथबाड़ी जंगल में छापेमारी की. यहां से अत्याधुनिक हथियार और कारतूस बरामद किये गये हैं. पुलिस अब बरामद हथियारों का सत्यापन कर रही है. साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इन हथियारों का इस्तेमाल किसी आपराधिक घटना में हुआ है या नहीं.

एनकाउंटर के बाद शिबू को एंबुलेंस से एसएनएमएमसीएच पहुंचाया गया. अस्पताल में पहले से ही सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गयी थी. कई थानों की पुलिस को अस्पताल परिसर में तैनात किया गया. पुलिस पदाधिकारी लगातार अस्पताल में मौजूद रहे. फिलहाल पुलिस शिबू के स्वस्थ होने के बाद उससे विस्तृत पूछताछ की तैयारी में है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Shyam narayan jha

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >