जिले में शत-प्रतिशत संस्थागत प्रसव सुनिश्चित करने का निर्देश
कुष्ठ आश्रम, बाराद्वारी में 24-30 मई तक लगेगा समर कैंप, पोस्टर का हुआ विमोचन
डेंगू-मलेरिया रोकथाम और टीकाकरण अभियान तेज करने का निर्देश
Jamshedpur News :
उपायुक्त राजीव रंजन ने जिले में शत-प्रतिशत संस्थागत प्रसव सुनिश्चित करने तथा स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही बरतने वाले कर्मियों की पहचान कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया है. बुधवार को उपायुक्त सभागार में आयोजित स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक में उन्होंने होम डिलीवरी के मामलों का विश्लेषण कर जागरुकता बढ़ाने और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने पर जोर दिया.बैठक में टीकाकरण, कुपोषण प्रबंधन, डायलिसिस सेवा, मिर्गी रोगियों के उपचार, गैर-संचारी रोगों की स्क्रीनिंग, राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम, टीबी उन्मूलन अभियान एवं एनीमिया मुक्त भारत अभियान तथा डेंगू-मलेरिया रोकथाम अभियान की समीक्षा की गयी. सदर अस्पताल एवं घाटशिला अनुमंडल अस्पताल में संचालित डायलिसिस सेवाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी परिस्थिति में यह सेवा बाधित नहीं होनी चाहिए. मशीनों की मरम्मत और सर्विसिंग समय पर पूरी की जाये.
उन्होंने कुपोषित बच्चों को उपचार से जोड़ने के लिए महिला एवं बाल विकास विभाग, सेविका और सहिया के साथ समन्वय बढ़ाने को कहा. साथ ही घर-घर सत्यापन कर शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उपायुक्त ने आंगनबाड़ी केंद्रों एवं स्वास्थ्य उपकेंद्रों में स्वास्थ्यकर्मियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा डेंगू-मलेरिया रोकथाम के लिए फॉगिंग और जनजागरुकता अभियान तेज करने पर बल दिया.बैठक के दौरान उपायुक्त ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं का उद्देश्य केवल उपचार तक सीमित नहीं, बल्कि आमजनों में भरोसा और सहज पहुंच सुनिश्चित करना भी है. उन्होंने सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए सेवाओं को अधिक उत्तरदायी, पारदर्शी एवं जनोन्मुख बनायें, साथ ही प्रत्येक माह प्रखंड स्तर पर अधीनस्थ कर्मियों के साथ नियमित समीक्षा बैठक करें.
बैठक में सिविल सर्जन डॉ साहिर पाल, एसीएमओ डॉ अजय सिन्हा, डॉ मृत्युंजय धाउड़िया सहित सभी एमओआइसी, डीपीसी, डीडीएम, बीएएम, बीपीएम, बीडीएम एवं स्वास्थ्य विभाग के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे.