जमशेदपुर | बिष्टुपुर स्थित डीडी बार के बाहर हिमांशु और प्रत्युष पर हुए कातिलाना हमले के मामले में पुलिस की जांच जारी है. मामले में सभी आरोपियों को जेल भेजे जाने के बाद पुलिस ने स्वीकारोक्ति बयान के आधार पर केस डायरी भी जमा कर दी है. अब पुलिस आरोप पत्र दाखिल करने की तैयारी में जुटी है. मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है.पुलिस फरारी के दौरान नीरज सिंह के साथ रहे दो लोगों से भी पूछताछ करने की तैयारी में है.
फरारी के दौरान हिमाचल गया था नीरज
पुलिस के अनुसार, नीरज ने अपने बयान में बताया है कि फरारी के दौरान वह शशांक शेखर और हर्जित सिंह के साथ हिमाचल गया था. इसके बाद राजस्थान में खाटू श्याम मंदिर के दर्शन कर लौटते समय पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया.
मोबाइल नंबरों का सीडीआर निकाल रही पुलिस
पुलिस नीरज के साथ शशांक और हर्जित के मोबाइल नंबरों का भी सीडीआर निकाल रही है. इसके जरिये फरारी के दौरान नीरज की किन लोगों से बातचीत हुई, इसकी जानकारी जुटायी जा रही है. पुलिस को जानकारी मिली है कि शशांक शेखर और हर्जित सिंह भाजपा युवा मोर्चा से जुड़े हुए हैं. दोनों को नोटिस भेजकर पूछताछ की तैयारी है. हालांकि, पुलिस ने मामले में आधिकारिक रूप से कोई जानकारी साझा नहीं की है.
