घाटशिला स्टेशन पर यात्रियों की बढ़ी मुश्किल, आखिर क्यों नहीं मिल रहा पानी?

घाटशिला रेलवे स्टेशन पर पिछले कई दिनों से पानी की किल्लत है. मोटर खराब होने से यात्रियों को पीने के पानी और शौचालय के लिए भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है.

घाटशिला: घाटशिला रेलवे स्टेशन पर पिछले 4-5 दिनों से पेयजल संकट बना हुआ है. स्टेशन परिसर में लगे करीब 40-45 नल सूखे पड़े हैं. इससे यात्रियों को पीने के पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है. पानी की कमी के कारण यात्रियों को शौचालय जैसी जरूरी सुविधाओं के इस्तेमाल में भी परेशानी हो रही है. यात्रियों ने रेलवे प्रशासन से जल्द से जल्द समस्या का समाधान करने की मांग की है.

घाटशिला स्टेशन में सूखे नल

पानी की कमी से शौचालयों में भी परेशानी

जानकारी के अनुसार, पुराने मोटर में वाटर लेवल कम होने और मोटर के तकनीकी रूप से खराब हो जाने के कारण स्टेशन पर पानी की नियमित आपूर्ति बाधित हुई है. इसका असर स्टेशन परिसर में बने पुरुष और महिला शौचालयों पर भी पड़ा है. यहां पानी की सुविधा पूरी तरह ठप हो गयी है. यात्रियों की सुविधा के लिए बनाया गया 'पे एंड यूज' शौचालय भी कभी-कभी बंद रह रहा है.

ड्रम से पानी लाकर हो रही वैकल्पिक व्यवस्था

स्थिति को देखते हुए स्टेशन की देखरेख करने वाले एक कर्मी की ओर से बाहर से ड्रम में पानी लाकर वैकल्पिक व्यवस्था करने की कोशिश की जा रही है. हालांकि, यह व्यवस्था यात्रियों की जरूरत के मुकाबले नाकाफी साबित हो रही है. यात्रियों और टेंपो चालकों का कहना है कि पिछले कई दिनों से पानी की समस्या के कारण काफी परेशानी हो रही है. खासकर दूर-दराज से आने वाले यात्रियों को ज्यादा दिक्कत हो रही है.

यात्रियों और टेंपो चालकों ने बतायी परेशानी

दीपांकर महतो, यात्री ने बताया कि स्टेशन पर पानी की उचित व्यवस्था नहीं होने से कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. शौचालयों में पानी नहीं रहने से परेशानी और बढ़ गयी है.

मो. हनीफ, टेंपो चालक ने बताया कि पिछले तीन-चार दिनों से स्टेशन पर पानी की समस्या है. कभी-कभी थोड़ा बहुत पानी आता है, लेकिन उससे काम नहीं चलता. इससे यात्रियों को काफी परेशानी हो रही है.

शेख मुख्तार, टेंपो चालक ने कहा कि पानी की समस्या को लेकर रेलवे प्रशासन को पहल करनी चाहिए. बाहर से पानी लाना पड़ता है. दूर-दराज से आने वाले यात्रियों को ज्यादा परेशानी हो रही है.

हरेज, यात्री ने कहा कि रेलवे स्टेशन जैसी जगह पर पानी की ऐसी समस्या होना यात्रियों के लिए गंभीर परेशानी है. बीते दो-तीन दिनों से स्टेशन परिसर में पानी का संकट है.

राजू शर्मा, टेंपो चालक ने बताया कि कई बार पानी नहीं मिलने के कारण यात्रियों को बिना पानी के ही सफर करना पड़ रहा है. रेलवे प्रशासन को जल्द व्यवस्था दुरुस्त करनी चाहिए.

2-3 दिनों में चालू होगा नया मोटर

आइओडब्ल्यू पी. सुरेश ने बताया कि विभाग को समस्या की जानकारी है. पुराने मोटर में वाटर लेवल कम होने के कारण पानी की आपूर्ति प्रभावित हो रही है. नया मोटर लगाया गया है, जो 2-3 दिनों में चालू हो जायेगा. फिलहाल पाइप के जरिये अस्थायी रूप से पानी की व्यवस्था की जा रही है. उन्होंने बताया कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत नयी बोरिंग का काम भी चल रहा है, जिससे भविष्य में ऐसी समस्या नहीं होगी.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By मो. युनूस परवेज

मो. युनूस परवेज वर्ष 1995 से पत्रकारिता कर रहे हैं. उन्होंने घाटशिला महाविद्यालय और रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में स्नातक और राजनीतिक विज्ञान ऑनर्स की डिग्री हासिल की है. इनकी राजनीति, अपराध, नक्सलवाद, खेल, शिक्षा और खेती किसानी की खबरों में विशेष रुचि है. डिजिटल जर्नलिज्म में 5 साल का अनुभव है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >