आधी रात मरीन ड्राइव पर लीक हुआ गैस टैंकर... वन वे हुआ रास्ता, पढ़े पूरी खबर..

मंगलवार रात जमशेदपुर की मरीन ड्राइव पर एक एलपीजी गैस टैंकर में अचानक रिसाव से अफरा-तफरी मच गई. समय पर पहुंची पुलिस और प्रशासन की सूझबूझ से एक बड़ा हादसा टल गया. रातभर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही.

जमशेदपुर: सोनारी थाना अंतर्गत मरीन ड्राइव पर मंगलवार की रात करीब 12 बजे एक एचपी (HP) गैस टैंकर के अचानक लीक होने से इलाके में हड़कंप मच गया. टैंकर में एलपीजी गैस भरी हुई थी. टैंकर के चालक ने बताया कि वह साकची कोर्ट मोड़ से गैस टैंकर लेकर मरीन ड्राइव के रास्ते आदित्यपुर जा रहे थे.

इसी दौरान दोमुहानी के पास एक माल लदी ट्रेलर ने बायीं ओर से ओवरटेक किया. ओवरटेक करने के क्रम में ट्रेलर की टक्कर गैस टैंकर के नॉब से हो गयी, जिससे नॉब टूट गया और तेजी से गैस का रिसाव शुरू हो गया. कुछ ही पलों में आसपास के पूरे इलाके में गैस फैल गयी.

सोनारी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर रोकी गाड़ियों की आवाजाही

घटना की सूचना मिलते ही सोनारी थाना प्रभारी मधुसूदन डे अपनी टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने सबसे पहले एहतियात बरतते हुए मरीन ड्राइव की एक सड़क को एक्सएलआरआई के पास ब्लॉक कर दिया. सुरक्षा के लिहाज से पुलिस ने मरीन ड्राइव के दोनों ओर के रास्तों पर वाहनों का परिचालन पूरी तरह से रोक दिया. साथ ही, किसी भी आम नागरिक को टैंकर के आसपास फटकने नहीं दिया गया ताकि किसी बड़ी अनहोनी से बचा जा सके.

टाटा स्टील और दमकल विभाग को दी गई सूचना

गैस रिसाव की विकट स्थिति को भांपते हुए स्थानीय पुलिस ने तत्काल टाटा स्टील और झारखंड अग्निशमन विभाग को फोन कर पूरी घटना की जानकारी दी. प्रशासन और पुलिस की सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई के कारण समय रहते हालात पर नियंत्रण पा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया. इस घटना के बाद रातभर मरीन ड्राइव पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहे और वाहनों को डायवर्ट कर निकाला गया.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Nikhil sinha

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >