घरों से उतरा बाढ़ का पानी, कीचड़ हटाने में जुटे भुइयांडीह-बारीडीह के लोग

जमशेदपुर में बाढ़ का पानी कम होने लगा है, लेकिन कीचड़ ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. नदी किनारे के कई घरों में अभी भी पानी भरा है और लोग सफाई में जुटे हैं. बीमारी फैलने की आशंका को देखते हुए मेडिकल टीम भी गठित की गई है.

जमशेदपुर : शहर में बुधवार को बारिश थमने के बाद सुवर्णरेखा और खरकई नदी का जलस्तर तेजी से नीचे उतरने लगा है. नदियों के जलस्तर में गिरावट से तटीय इलाकों के लोगों ने राहत की सांस ली है. लेकिन, बाढ़ अपने पीछे तबाही और बर्बादी का गहरा निशान छोड़ गयी है. निचली बस्तियों के कई घरों से पानी तो निकल गया है, लेकिन अभी भी नदी के किनारे स्थित घरों में अभी भी पानी भरा हुआ है. जो धीरे-धीरे निकल रहा है.

कीचड़ ने बढ़ाई लोगों की परेशानी

घरों में कीचड़ ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. सुवर्णरेखा नदी का जलस्तर खतरे के निशान के करीब पहुंचने से भुइयांडीह और बारीडीह समेत कई तटीय इलाकों के करीब 150 घरों में बाढ़ का पानी घुस गया था. भुइयांडीह के कल्याण नगर, नंदनगर, इंदिरा नगर, बाबूडीह लाल भट्ठा और ह्यूमपाइप क्षेत्र के मकान जलमग्न हो गए थे. अचानक पानी भरने से लोगों को संभलने का मौका नहीं मिला. इससे लाखों रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है. घरों में रखा राशन, अनाज, बिस्तर, सोफा, टीवी, फ्रिज और जरूरी कागजात पानी में डूबकर नष्ट हो गये. बुधवार की सुबह घरों से पानी निकलने के बाद लोग अपने घरों को रहने लायक बनाने की जुगत में भिड़ गये. महिलाएं, पुरुष और बच्चे बाल्टी व वाइपर के सहारे कमरों में जमी गंदगी व गंदे पानी को बाहर निकालने में लगे थे.

बाढ़ के पानी से होने वाली बीमारी को लेकर मेडिकल टीम गठित

बागबेड़ा सहित आसपास इलाकों में बाढ़ का पानी घुसने के साथ ही आसपास पानी जमा हो गया है. इतना ही नहीं सभी जगहों पर कीचड़ होने से बीमारी फैलने की आशंका बनी हुई है. इसको देखते हुए सिविल सर्जन डॉ साहिर पाल के निर्देश पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जुगसलाई के प्रभारी डॉ मृत्युंजय धाउड़िया के द्वारा एक मेडिकल टीम का गठन किया है. इसकी जानकारी देते हुए केंद्र प्रभारी ने बताया कि पानी खत्म होते ही सभी जगहों पद ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव किया जायेगा. इसके साथ ही केंद्र में ड्राइवर के साथ एंबुलेंस को तैयार रखा गया है ताकि जरूरत होने पर उसका इस्तेमाल किया जा सकें. इसके साथ ही केंद्र में सर्दी, बुखार, वायरल फीवर सहित अन्य बीमारियों से संबंधित दवा उपलब्ध करा दी गयी है ताकि मरीजों को किसी प्रकार की कोई परेशानी नहीं हो.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Chandra Shekhar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >