जमशेदपुर: जमशेदपुर के पोटका विधानसभा क्षेत्र के हरहरगुट्टू अंबेडकर नगर में मंगलवार रात करीब 10 बजे लालू के घर के समीप लगे बिजली बॉक्स में अचानक तेज आवाज के साथ आग लग गयी. कुछ ही देर में बॉक्स से आग की लपटें उठने लगीं. आग के कारण जलते तार और अन्य सामग्री जमीन पर गिरने लगी, जिससे आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गयी. स्थानीय लोगों ने सावधानी बरतते हुए आग बुझाने का प्रयास किया और समय रहते स्थिति को नियंत्रित कर लिया.
250 घरों की बिजली आपूर्ति हुई प्रभावित
घटना के बाद इलाके के करीब 250 घरों की बिजली आपूर्ति प्रभावित हो गयी. स्थानीय लोगों ने बताया कि बिजली बॉक्स में आग लगने के बाद फायर ब्रिगेड और बिजली विभाग के अधिकारियों को सूचना देने के लिए लगातार फोन किया गया, लेकिन काफी प्रयास के बावजूद संपर्क नहीं हो सका. विभागीय जीएम समेत एसडीओ और अन्य अधिकारियों से भी संपर्क करने की कोशिश की गयी.
कनेक्शन की जांच की मांग, शॉर्ट सर्किट की आशंका
स्थानीय लोगों ने बिजली बॉक्स में लगे तारों के कनेक्शन पर सवाल उठाये हैं. उनका आरोप है कि कनेक्शन सही तरीके से नहीं किये जाने के कारण शॉर्ट सर्किट हुआ और आग लगी. हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारण की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. लोगों ने बिजली विभाग से क्षेत्र में लगे बिजली बॉक्स, तारों और कनेक्शनों की सुरक्षा जांच कराने की मांग की है.
बच्चों समेत लोग थे आसपास, टली बड़ी घटना
आग लगने के दौरान जलते तार नीचे गिरते रहे. उस समय आसपास बच्चे और स्थानीय लोग मौजूद थे. गनीमत रही कि लोगों ने समय रहते दूरी बना ली और आग पर काबू पा लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया. घटना की जानकारी मिलने के बाद पोटका विधायक संजीव सरदार ने जल्द बिजली आपूर्ति बहाल कराने का आश्वासन दिया. उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों से मामले की जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई कराने की बात कही.
