जुगसलाई थाना के पास सोमवार दोपहर उस वक्त चीख पुकार मच गई जब स्कूली बच्चों को लेकर जा रहे ऑटो को तेज रफ्तार पल्सर बाइक ने सामने से जोरदार टक्कर मार दी. बताया जा रहा है कि बाइक गलत दिशा यानी रॉंग साइड से आ रही थी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया.
गनीमत रही कि इस हादसे में किसी बच्चे को गंभीर चोट नहीं लगी. टक्कर की आवाज सुनते ही ऑटो में बैठे बच्चे डर गए और जोर-जोर से रोने लगे. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. आसपास मौजूद लोग तुरंत मदद के लिए पहुंचे और ऑटो में सवार बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला.
जानकारी के अनुसार, स्कूल की छुट्टी के बाद ऑटो बच्चों को उनके घर छोड़ने जा रहा था. इसी दौरान सामने से गलत दिशा में आ रही तेज रफ्तार पल्सर बाइक ने ऑटो को टक्कर मार दी. हादसे में कुछ बच्चों और अन्य लोगों को मामूली चोटें आई हैं.
घटना की सूचना मिलते ही जुगसलाई थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ऑटो और बाइक को कब्जे में लेकर सड़क से हटवाया और यातायात को सामान्य कराया. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और बाइक चालक के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है.
हादसे के बाद स्थानीय लोगों और अभिभावकों में काफी नाराजगी देखी गई. लोगों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि मुख्य मार्गों पर रॉंग साइड वाहन चलाने और तेज रफ्तार से गाड़ी चलाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाए.
