गिधनी स्टेशन पर दुरंतो की कपलिंग खुलने से दो हिस्सों में बंटी ट्रेन, मचा हड़कंप

पश्चिम बंगाल के गिधनी रेलवे स्टेशन पर दुरंतो एक्सप्रेस की कपलिंग टूटने से ट्रेन दो हिस्सों में बंट गयी. गनीमत रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ.

चाकुलिया: पश्चिम बंगाल के गिधनी रेलवे स्टेशन पर गुरुवार सुबह एक रेल हादसा टल गया. खड़गपुर से जमशेदपुर आ रही दुरंतो एक्सप्रेस की बोगियों के बीच की कपलिंग खुल जाने से ट्रेन अचानक दो हिस्सों में बंट गयी. घटना के समय ट्रेन की गति कम होने के कारण किसी तरह की अप्रिय घटना नहीं हुई. घटना के बाद रेलवे महकमे में हड़कंप मच गया.

वंदेभारत को पास देने के लिए लुप लाइन में खड़ी थी दुरंतो

झाड़ग्राम आरपीएफ प्रभारी राकेश मिश्रा ने बताया कि खड़गपुर से जमशेदपुर की ओर दुरंतो एक्सप्रेस के आने के दौरान वंदे भारत एक्सप्रेस को पास देने के लिए ट्रेन को गिधनी स्टेशन की लुप लाइन में खड़ा किया गया था. वंदे भारत के गुजरने के बाद दुरंतो एक्सप्रेस को जमशेदपुर के लिए रवाना किया गया.

रवाना होते ही खुली कपलिंग, दो हिस्सों में बंटी ट्रेन

गिधनी स्टेशन से ट्रेन के रवाना होते ही बोगियों के बीच की कपलिंग खुल गयी. इससे दुरंतो एक्सप्रेस दो हिस्सों में बंट गयी. ट्रेन की रफ्तार कम रहने के कारण बड़ा हादसा टल गया. घटना के बाद यात्रियों में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गयी.

डेढ़ घंटे तक बाधित रही अप रेल लाइन

कपलिंग खुलने के बाद रेलवे के विशेषज्ञ टेक्नीशियनों को मौके पर बुलाया गया. तकनीकी टीम ने दोनों हिस्सों की बोगियों की कपलिंग को दोबारा जोड़ा, जिसके बाद ट्रेन को जमशेदपुर के लिए रवाना किया गया. इस पूरी प्रक्रिया में करीब एक से डेढ़ घंटे का समय लगा. इस दौरान अप रेल लाइन बाधित रही. रेलवे की तकनीकी टीम ने मामले की जांच भी शुरू कर दी है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By राकेश के सिंह

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >