जमशेदपुर: पत्नी से घरेलू विवाद के बाद 27 वर्षीय युवक ने कमरे में जाकर फांसी लगा ली. घटना के बाद पत्नी ने पड़ोसियों की मदद से उसे फंदे से नीचे उतारा और तुरंत एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. घटना बिरसानगर थाना क्षेत्र के पीएम आवास के पास की है.
पत्नी से विवाद के बाद कमरे में गया
मृतक की पहचान आकाश कुमार लाल के रूप में हुई है. वह मूल रूप से परसुडीह का रहने वाला था और बारीडीह में डिलीवरी बॉय का काम करता था. करीब एक महीने पहले ही वह पत्नी और बच्चे के साथ बिरसानगर में किराये के मकान में रहने आया था.
बुधवार देर रात किसी घरेलू बात को लेकर आकाश का पत्नी के साथ विवाद हुआ था. इसके बाद वह गुस्से में दूसरे कमरे में चला गया और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया. कुछ देर बाद पत्नी कमरे में पहुंची तो आकाश को फंदे से लटका देखा.
पड़ोसियों की मदद से अस्पताल ले गयी पत्नी
आकाश को फंदे से लटका देखकर पत्नी ने आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी. स्थानीय लोगों की मदद से उसे नीचे उतारा गया और इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल ले जाया गया. हालांकि, डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलने के बाद बिरसानगर पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेज दिया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
नशे का आदी था आकाश
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार आकाश नशे का आदी था. पुलिस घरेलू विवाद समेत घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है.
