Jamshedpur News : पीएनएम बैठक में रनिंग स्टाफ से जुड़े 22 मुद्दों पर बनी सहमति
रेलवे की उत्पादकता व कार्यप्रणाली में गुणात्मक सुधार लाने के लिये दक्षिण पूर्व रेलवे मेंस यूनियन व प्रबंधन की स्थायी वार्ता तंत्र (पीएनएम) की बैठक हुई.
रेलवे की उत्पादकता व कार्यप्रणाली में गुणात्मक सुधार लाने के लिये दक्षिण पूर्व रेलवे मेंस यूनियन व प्रबंधन की स्थायी वार्ता तंत्र (पीएनएम) की बैठक हुई. जिसकी अध्यक्षता अपर मंडल रेल प्रबंधक अनूप पटेल ने की. पीएनएम में दपू रेलवे मेंस यूनियन के (रनिंग इकाई) की 22 सूत्री मांगों पर विचार-विमर्श किया गया. जिसमें सभी मुद्दों पर रेलवे प्रबंधन ने सहमति जतायी है. मेंस यूनियन के मंडल संयोजक एमके सिंह ने कहा कि पीएनएम में कुल 22 मुद्दों को रखा गया था. जिसपर सहमति बन गयी है, जल्द ही सभी कार्यों पर सुधार देखने को मिलेगा. इस बैठक में वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक मनीष पाठक, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी डॉ ऋषभ सिन्हा, वरिष्ठ मंडल विद्युत अभियंता चंद्रशेखर व मेंस यूनियन के मंडल संयोजक एमके सिंह आदि मौजूद थे.
बैठक में इन मुद्दों को रखा गया
बैठक में रेल कर्मचारियों से जुड़े कई मुद्दों पर सहमति बनी. आरएसओ व परिचालन कर्मचारियों के एचआरए भुगतान के लिए समय सीमा तय करने, खाली पदों को प्रमोशन से भरने और सुरक्षा के मद्देनजर समय पर शटडाउन आदेश जारी करने पर जोर दिया गया. लॉबी ट्रांसफर प्रक्रिया तेज करने, सभी क्रू लॉबी में पानी, वॉशरूम, लॉकर, सीसीटीवी व विश्राम कक्ष जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने पर सहमति बनी. रनिंग स्टाफ को ओटी, डस्टर, हैंड ग्लव्स, भोजन व बेड की सुविधा देने की मांग रखी गयी. आदित्यपुर लॉबी के एएलपी को कोचिंग ट्रेनों में कार्य का अवसर देने तथा तीन रात ड्यूटी के बाद कर्मचारियों को रनिंग रूम के बजाय घर पर आराम देने की मांग भी उठी.