विधायक ने की कार्रवाई की मांग, डीएसपी ने दिये जांच के आदेश
शिक्षक का आरोप- गाड़ी के सभी पेपर और हेलमेट होने पर भी मांगा 10 हजार जुर्माना
Jamshedpur News :
शहर की ट्रैफिक पुलिस शनिवार को एक बार फिर विवादों में आ गयी. टाटानगर स्टेशन के चाईबासा बस स्टैंड के पास शनिवार को ट्रैफिक पुलिस ने पोटका के एक शिक्षक और उनके बेटे को जांच के लिए रोका. दोनों बाइक से बारीडीह जा रहे थे. आरोप है कि उनपर 10 हजार रुपये जुर्माना की राशि जमा करने का दबाव बनाया गया. शिक्षक व उनके बेटे का कहना है कि उनके पास वाहन के कागजात हैं और हेलमेट भी पहन रखा है. बावजूद ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने जुर्माना की राशि जमा करने का दबाव दिया. इसके बाद शिक्षक ने फोन पर इसकी जानकारी विधायक संजीव सरदार को दी. जिसपर संजीव सरदार ने चेकिंग प्वाइंट पर मौजूद पुलिस पदाधिकारी से बात कराने की बात कही. लेकिन पुलिस पदाधिकारी ने विधायक संजीव सरदार से बात करने से इनकार कर दिया. फिर क्या था मामला गरम हो गया. विधायक संजीव सरदार खुद चेकिंग स्थल पर पहुंचे. विधायक के पहुंचने पर चेकिंग प्वाइंट पर मौजूद ट्रैफिक पुलिस के पदाधिकारी व जवान नदारद हो गये. विधायक ने इसकी शिकायत ट्रैफिक डीएसपी श्रीनिरज से की, तो डीएसपी घटनास्थल पर पहुंचे. विधायक संजीव सरदार ने दोषी पुलिसकर्मी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई करने की मांग डीएसपी से की. जिसपर ट्रैफिक डीएसपी श्रीनिरज ने जुगसलाई यातायात प्रभारी संजय जनक मूर्ति को जांच कर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया.विधायक संजीव सरदार ने कहा कि जब जनप्रतिनिधि के मान-सम्मान का यातायात पुलिस ख्याल नहीं रख रही है, तो अंदाजा लगाया जा सकता है कि आमलोगों के साथ कैसा व्यवहार होगा. दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई होनी चाहिये.
कोट…
चेकिंग के दौरान हेलमेट नहीं पहनने व कागजात को लेकर पुलिसकर्मी ने 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया था. मामले की जांच का जिम्मा जुगसलाई यातायात प्रभारी को दिया गया है. जांच में दोषी पाये जाने पर पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जायेगी.
