Jamshedpur News : कोलकाता से रांची जा रही बस और ट्रेलर में टक्कर, दो यात्री घायल, एनएच पर लगा जाम

Jamshedpur News : एमजीएम थाना क्षेत्र के मुखियाडांगा स्थित एनएच-33 पर शुक्रवार की तड़के एक बड़ा हादसा टल गया.

मुखियाडांगा में देर रात हुई दुर्घटना, बस में सवार थे 32 से 35 सवारी

टक्कर से बस का मेन गेट हुआ जाम, ड्राइवर गेट से पुलिस ने यात्रियों को निकाला

Jamshedpur News :

एमजीएम थाना क्षेत्र के मुखियाडांगा स्थित एनएच-33 पर शुक्रवार की तड़के एक बड़ा हादसा टल गया. कोलकाता से रांची जा रही एक यात्री बस और ट्रेलर की जोरदार टक्कर से कुछ पल के लिए अफरा-तफरी मच गयी. टक्कर की आवाज इतनी जोरदार थी कि आसपास के लोग नींद से जाग उठे और मौके पर भीड़ लग गयी. गनीमत रही कि हादसे में जान-माल का कोई नुकसान नहीं हुआ. हालांकि हादसे में दो यात्रियों को हल्की चोटें आयी हैं.

जानकारी के अनुसार, कोलकाता से रांची जा रही बस में 32 से 35 यात्री सवार थे. हादसा सुबह करीब 3:30 बजे मुखियाडांगा के मिथिला मोटर्स के पास हुआ. बताया जाता है कि मिथिला मोटर्स के पास एनएच पर कट है. जहां से एक ट्रेलर एनएच क्रॉस कर रहा था. बस तेज रफ्तार में थी अचानक सामने आये ट्रेलर से बस की बायीं साइड टकरा गयी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और मुख्य गेट लॉक हो गया. उस समय अधिकतर यात्री नींद में थे. तेज आवाज और झटके से सभी डर गये. कुछ ही सेकंड में बस के भीतर चीख-पुकार मच गयी. लोग बाहर निकलने की कोशिश करने लगे, लेकिन गेट जाम होने से कोई बाहर नहीं निकल सका. सूचना मिलने पर एमजीएम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला. पुलिस ने ड्राइवर साइड के दरवाजे से एक-एक कर यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला.

ढाई घंटे की मशक्कत के बाद हटा जाम

हादसे के बाद एनएच पर लंबा जाम लग गया. स्थानीय लोग भी मदद के लिए जुट गये. बस से उतरने के बाद कई यात्री सड़क किनारे बैठकर राहत की सांस लेते दिखे. पुलिस ने क्रेन मंगवाकर क्षतिग्रस्त बस को सड़क किनारे हटाया. करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद सुबह छह बजे के आसपास जाम खत्म हुआ.

पुलिस ने बताया कि हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया. बस को जब्त कर लिया गया है. घायल यात्रियों का स्थानीय नर्सिंग होम में इलाज कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छोड़ दिया गया. बाकी यात्रियों को दूसरी बस से रांची रवाना कर दिया गया. फिलहाल पुलिस ट्रेलर चालक की तलाश कर रही है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By RAJESH SINGH

RAJESH SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >