जमशेदपुर : रक्तदान को जनसेवा से जोड़ते हुए भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) जमशेदपुर महानगर की ओर से 20 सितंबर को बिष्टुपुर ब्लड बैंक में एकदिवसीय रक्तदान शिविर लगाया जायेगा. ‘सेवा संकल्प अभियान रक्तदान महादान’ के तहत आयोजित इस शिविर में युवाओं और शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर रक्तदान करने की अपील की गयी है. शिविर सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगा.
रक्तदान के साथ सड़क सुरक्षा का भी संदेश
इस अभियान की खास बात यह है कि रक्तदाताओं को प्रोत्साहित करने के साथ सड़क सुरक्षा का संदेश भी दिया जायेगा. आयोजकों के अनुसार, प्रत्येक रक्तदाता को हेल्मेट और टी-शर्ट प्रदान किया जायेगा. इसके जरिये रक्तदान के साथ सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूकता का संदेश देने की पहल की गयी है. BJYM जमशेदपुर महानगर के जिला अध्यक्ष नितिश कुशवाहा ने शहर के युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और आम लोगों से अभियान में भाग लेने की अपील की है. उन्होंने कहा कि रक्तदान एक महत्वपूर्ण सामाजिक सेवा है और किसी जरूरतमंद मरीज के लिए समय पर उपलब्ध कराया गया रक्त जीवनरक्षक साबित हो सकता है.
लेगों से समय पर शिविर पहुंचने की अपील
उन्होंने लोगों से अपील की कि वे समय निकालकर शिविर में पहुंचें और रक्तदान के इस सेवा अभियान का हिस्सा बनें. रक्तदान शिविर का आयोजन 20 सितंबर 2026, रविवार को बिष्टुपुर ब्लड बैंक, जमशेदपुर में किया जायेगा. आयोजन का समय सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित है. आयोजकों ने शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में भागीदारी की अपील करते हुए कहा कि रक्तदान के माध्यम से समाज के जरूरतमंद लोगों की मदद की जा सकती है. अभियान को ‘सेवा ही संगठन है’ के संदेश के साथ आयोजित किया जा रहा है.
