Jamshedpur News : भाजपाइयों ने एसएसपी कार्यालय के समक्ष किया प्रदर्शन, पुलिस से भिड़ीं विधायक, धक्का-मुक्की भी हुई

Jamshedpur News : भाजपा महानगर के कार्यकर्ताओं ने सांसद विद्युत वरण महतो, विधायक पूर्णिमा साहू और जिला के वरीय नेताओं के नेतृत्व में लंबे समय के बाद एसएसपी कार्यालय के समक्ष आक्रामक तरीके से प्रदर्शन किया.

बढ़ते अपराध और अपहरण की घटना के खिलाफ खोला मोर्चा

Jamshedpur News :

भाजपा महानगर के कार्यकर्ताओं ने सांसद विद्युत वरण महतो, विधायक पूर्णिमा साहू और जिला के वरीय नेताओं के नेतृत्व में लंबे समय के बाद एसएसपी कार्यालय के समक्ष आक्रामक तरीके से प्रदर्शन किया. हाथों में तख्तियां लिये जोरदार नारेबाजी करते हुए जब कार्यकर्ता साकची भाजपा कार्यालय से एसएसपी कार्यालय के गेट की ओर बढ़ रहे थे, तो वहां पहले से मौजूद पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया. इस दौरान विधायक पूर्णिमा साहू व अन्य महिलाएं पुलिस से भिड़ गयीं. पुलिस के साथ धक्का-मुक्की भी हुई. इसके बाद क्यूआरटी बुलायी गयी. लौहनगरी में बढ़ती आपराधिक घटनाएं और शहर में हो रही अपहरण जैसी गंभीर वारदातों को लेकर आमजन में भय का माहौल है. भाजपा ने इसको मुद्दा बनाकर प्रदर्शन किया. आक्रोश-प्रदर्शन में सांसद विद्युत वरण महतो, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ दिनेशानंद गोस्वामी, विधायक पूर्णिमा साहू, प्रदेश मंत्री नंदजी प्रसाद, प्रदेश प्रवक्ता अमरप्रीत सिंह काले, पूर्व जिलाध्यक्ष अभय सिंह समेत कई प्रमुख नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए.

झामुमो-कांग्रेस सरकार में अपराधियों का राज : विद्युत महतो

आक्रोश-प्रदर्शन के दौरान सांसद विद्युत वरण महतो ने कहा कि जमशेदपुर में लगातार बिगड़ती कानून-व्यवस्था, बढ़ते अपराध, छिनतई, नशा के कारोबार, चोरी और अपहरण की घटनाओं ने पूरे शहर को दहशत में डाल दिया है. यह स्थिति चिंताजनक है. औद्योगिक नगरी जमशेदपुर, जो शांति, अनुशासन और मेहनतकश लोगों के लिए जानी जाती थी, आज अपराधियों की गिरफ्त में जाती दिख रही है.

प्रशासन की सुस्ती से अपराधियों का बढ़ा मनोबल : पूर्णिमा साहू

जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता की यह अंतिम चेतावनी है. यदि जिला प्रशासन ने तत्काल कानून-व्यवस्था नहीं सुधारी, तो आम जनता के साथ उग्र आंदोलन, एसएसपी कार्यालय के सामने पुतला दहन और निर्णायक संघर्ष किया जायेगा. हाल के दिनों में शहर के प्रतिष्ठित कारोबारी के बेटे के साथ-साथ सिदगोड़ा के एक मजदूर का नाबालिग बेटा भी लापता है. माता-पिता को सिदगोड़ा और साकची थाने के बीच तीन दिन तक घुमाया गया.

अबुआ राज में अपराध चरम पर : डॉ दिनेशानंद गोस्वामी

झारखंड भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ दिनेशानंद गोस्वामी ने कहा कि झामुमो गठबंधन सरकार के ‘अबुआ राज’ में राज्य की कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गयी है. चोरी, डकैती, हत्या और अपहरण की घटनाओं में लगातार वृद्धि हो रही है, जिससे आम जनता खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है. एसएसपी के आवास के पास से एक युवा उद्यमी का दिनदहाड़े अपहरण होना सरकार और पुलिस प्रशासन की विफलता को दर्शाता है. महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने कहा कि युवा उद्यमी के अपहरणकर्ताओं का अब तक कोई सुराग मिला है. प्रशासन के सुस्त रवैये से अपराधियों का मनोबल बढ़ रहा है, जिसके कारण वे बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं.

भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष अभय सिंह ने कहा कि आज जमशेदपुर लौहनगरी बर्बादी की कगार पर खड़ी है. 1990 का दशक तेजी के साथ लौट रहा है, पहले माफिया राज था, लेकिन आज दारू, सट्टा, मटका, शराब, लॉटरी, ब्राउन शुगर, अफीम, गांजा, बालू की चोरी सहित कई चीजों की बिक्री धड़ल्ले से हो रही है. अपहरण, फिरौती मांगने की घटना चिंताजनक है. प्रदर्शन को पूर्व जिलाध्यक्ष देवेंद्र सिंह, रामबाबू तिवारी, बिनोद सिंह, गुंजन यादव, मनोज सिंह, कुलवंत सिंह बंटी, राजन सिंह ने भी संबोधित किया. प्रदर्शन में जिला महामंत्री अनिल मोदी, साकची पश्चिम मंडल अध्यक्ष रंजीत सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर मिश्रा, बिनोद सिंह, रामबाबू तिवारी, राजकुमार श्रीवास्तव, दिनेश कुमार, गुंजन यादव समेत काफी कार्यकर्ता उपस्थित थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By RAJESH SINGH

RAJESH SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >