प्रमुख संवाददाता, जमशेदपुर
जमशेदपुर प्रखंड के बारीगोड़ा और गोविंदपुर रेलवे फाटक पर प्रस्तावित रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) निर्माण का रास्ता साफ हो गया है. परियोजना के लिए 112.83 करोड़ रुपये का टेंडर जारी कर दिया गया है. टेंडर प्रक्रिया अंतिम चरण में है और जल्द ही एजेंसी का चयन कर निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है.एलसी संख्या 137 एवं 138 के स्थान पर प्रस्तावित आरओबी निर्माण कार्य का शिलान्यास पीएम नरेंद्र मोदी ने 26 फरवरी 2024 को किया था.
इस परियोजना का शिलान्यास होने के बावजूद निर्माण कार्य शुरू नहीं होने से स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था. रेलवे फाटक बंद रहने के दौरान रोजाना हजारों लोग, स्कूली बच्चे, मरीज और व्यापारी लंबे जाम में फंसते हैं. कई बार आपातकालीन सेवाएं भी प्रभावित होती हैं. आजसू पार्टी के जिला सचिव कृतिवास मंडल ने इस मामले को रेल मंत्रालय के समक्ष उठाया था. रेल मंत्रालय ने उपरोक्त मामले पर संज्ञान लिया. साउथ इस्टर्न रेलवे के असिस्टेंट सेक्रेटरी इंद्रा दास ने बताया कि एलसी-137 पर 43.85 करोड़ रुपये और एलसी-138 पर 68.98 करोड़ रुपये की लागत से आरओबी का निर्माण होगा.
पहले राज्य सरकार और रेलवे की संयुक्त एजेंसी से परियोजना प्रस्तावित थी, लेकिन कार्य शुरू नहीं होने पर इसे एकल एजेंसी के माध्यम से कराने का निर्णय लिया गया. संशोधित एलाइनमेंट तैयार करने के बाद 12 मई को निविदा खोली गयी थी और वर्तमान में एजेंसी चयन की प्रक्रिया चल रही है.कृतिवास मंडल ने कहा कि आजसू पार्टी की मांग है कि 15 दिनों के अंदर एजेंसी का चयन कर युद्ध स्तर पर निर्माण कार्य शुरू किया जाये. जब तक पुल बनकर तैयार नहीं होता है तो आजसू पार्टी अब चैन से नहीं बैठेगी.
