बहरागोड़ा : बहरागोड़ा प्रखंड के खंडामौदा निवासी प्रेम कुमार बेरा (34) ने रविवार रात तमिलनाडु स्थित अपने आवास में रस्सी के सहारे पंखे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. वह करीब 20 वर्षों से तमिलनाडु की एक्यूरे कास्टिंग कंपनी में काम कर रहा था. अपनी पत्नी तुलसी पात्र और तीन वर्षीय बेटे आदर्श बेरा के साथ वहीं रहता था.
रस्सी के सहारे पंखे से लटका मिला प्रेम
परिजनों के अनुसार, करीब दो माह पहले एसआइआर कार्य के सिलसिले में प्रेम कुमार अपने परिवार के साथ खंडामौदा आया था. मृतक के भाई हृषिकेश बेरा ने बताया - घटना की रात प्रेम कुमार की पत्नी तुलसी बेटे के साथ खाना खाने के बाद बरामदे में सो गयी थी, जबकि प्रेम पास के कमरे में सोने चला गया था. सुबह काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर खिड़की से झांककर देखा तो प्रेम रस्सी के सहारे पंखे से लटका था.
आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही पुलिस
यह खौफनाक दृश्य देखकर पत्नी ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गये. घटना की सूचना मिलने पर तमिलनाडु पुलिस पहुंची. शव को नीचे उतारकर पंचनामा किया. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. आत्महत्या के वास्तविक कारणों की जांच शुरू कर दी है. परिजनों के अनुसार, प्रेम कुमार का अंतिम संस्कार तमिलनाडु में ही किया जायेगा. कंपनी की ओर से पोस्टमार्टम, अंतिम संस्कार और श्रद्धाकर्म का पूरा खर्च वहन किया जा रहा है. वहीं, शोक संतप्त परिजनों ने कंपनी से उचित आर्थिक मुआवजा देने की मांग की है.
