बागबेड़ा थाना क्षेत्र के डीबी रोड पर गुरुवार सुबह करीब 7 बजे एक तेज रफ्तार और बेकाबू कार ने सड़क पर तांडव मचा दिया. इस भीषण सड़क हादसे में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) ले जाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है.
वहां मौजूद लोगों के अनुसार, एक व्यक्ति अपने बच्चों को स्कूल छोड़कर टीवीएस एक्सएल (नंबर JH 05 BU 8686) से घर लौट रहा था. इसी दौरान विपरीत दिशा से तेज रफ्तार में आ रही कार (नंबर JH 05 EF 9444) के चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी.
टक्कर इतनी तेज थी कि स्कूटी को चपेट में लेने के बाद कार सड़क पर मौजूद तीन अन्य लोगों से भी जा टकराई. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. घटना को अंजाम देने के बाद कार चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया.
स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों ने आशंका जताई है कि कार चालक नशे की हालत में वाहन चला रहा था.
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही बागबेड़ा थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में ले लिया. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि फरार चालक की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जा सके.
हादसे के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी है. लोग बेपरवाह वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.
