जमशेदपुर: मौसेरे भाई के साथ खेलने के दौरान नाला में बह गया 9 वर्षीय समीर का शव गुरुवार सुबह सात बजे जुबिली पार्क तालाब (जयंती सरोवर) से बरामद किया गया. लाश कीचड़ में फंस गयी थी. करीब चार किलोमीटर लंबे पाइपलाइन में बहते हुए जुबिली लेक में फंस गया.
लाश मिलने के बाद स्थानीय लोगों ने मृतक के पिता को नौकरी और मुआवजा देने की मांग पर पहले कॉन्वेंट स्कूल जाने वाला रास्ता जाम कर दिया, फिर जुस्को के मुख्य गेट भी जाम कर दिया. बाद में तय किया गया कि बच्चे का अंतिम संस्कार के बाद जुस्को एमडी के खिलाफ बिष्टुपुर थाना में एफआइआर दायर करेंगे.
जुस्को कार्यालय में जमकर हुआ बवाल. सुबह साढ़े आठ बजे से ग्यारह बजे तक शव के साथ रोड जाम रखा गया. हंगामा के बाद जिला प्रशासन ने कहा कि मामला जुस्को से संबंधित है. इसके बाद भीड़ जुस्को कार्यालय पहुंच गयी. जुस्को कार्यालय में घुसकर जमकर बवाल काटा. गेट खोलकर सभी लोग अंदर प्रवेश कर गये. पुलिस ने सख्ती बरतते हुए सबको बाहर निकाला. इस दौरान गेट जाम रखा गया. किसी को अंदर जाने या बाहर निकलने नहीं दिया गया. मौके पर पूर्व विधायक सरयू राय, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ दिनेशानंद गोस्वामी समेत अन्य पहुंचे और लोगों से बातचीत की.
मां की चित्कार से हर किसी की आंखें हुई नम
जुबिली ऑफिसर्स क्लब से समीर की अंतिम यात्रा निकाली गयी. इस दौरान मां की चित्कार से हर किसी की आंखें नम हो गयी. बिष्टुपुर स्थित पार्वती घाट में उसका अंतिम संस्कार किया गया.
