आदित्यपुर : लगातार हो रही बारिश के कारण आदित्यपुर के कई कंपनियों व घरों में पानी घुस गया. इससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है. औद्योगिक क्षेत्र के फेज दो स्थित श्रीराम ऑटो मोबाइल नामक कंपनी में करीब चार फीट पानी घुस गया. इससे कंपनी को करीब 10 लाख रुपये के नुकसान की आशंका है.
साथ ही कंपनी में काम-काज ठप हो गया है. कंपनी के मालिक गंगा प्रसाद शर्मा ने बताया कि जल जमाव के कारण राजीव उद्योग व श्रीराम ऑटो मोबाइल के बीच की दीवार ढह गयी. इस समस्या को लेकर कई बार आयडा को पत्र लिखा जा चुका है. उक्त घटना की शिकायत झारखंड सरकार के उद्योग निदेशक के रवि कुमार से भी की गयी है. सोमवार को सूचना मिलने पर आयडा के दो पदाधिकारी स्थल पर जाकर मामले की जांच की.
निगम क्षेत्र में खुलेंगे छह बाढ़ राहत केंद्र
संभावित बाढ़ की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन सतर्क हो गया है. सोमवार को अनुमंडलाधिकारी सरायकेला संदीप दुबे ने आदित्यपुर नगर निगम के उपमेयर अमित सिंह, इओ दीपक सहाय व सिटी मैनेजर जीतेंद्र कुमार के साथ बैठक की. इस दौरान उन्होंने छह बाढ़ राहत केंद्र को तैयार रखने का निर्देश दिया. श्री दुबे ने शहर में बाढ़ से प्रभावित होने वाले क्षेत्र का भी जायजा लिया. उन्होंने कहा कि अभी बाढ़ का खतरा नहीं है. संबंधित क्षेत्र के पार्षदों से तैराकों की सूची ली गयी.
उन्हें रेड क्रॉस सोसायटी की ओर से बाढ़ राहत सामग्रियां प्रदान की जायेगी. आदित्यपुर में भाटिया, बेल्डीह, सालडीह, मांझीटोला, हरिओमनगर, जयप्रकाश उद्यान, राममड़ैया, लंकाटोला, रायडीह, अांबेडकरनगर, कुलुपटांगा, बनतानगर व बाबा आश्रम बाढ़ से प्रभावित होने वाले क्षेत्र हैं.
