महामाया बागेश्वरी मंदिर में शस्त्र पूजन

जयकारे से गूंजा क्षेत्र

विष्णुगढ़. प्रखंड के बनासो स्थित प्रसिद्ध महामाया बागेश्वरी मंदिर में महाष्टमी पर शस्त्र पूजन किया गया. गेरुआ मुरेठा बांधे हजारों रामभक्तों का काफिला जब विष्णुगढ़ से बनासो की ओर निकला, तो पूरा क्षेत्र जय श्रीराम और वीर हनुमान के गगनभेदी जयकारों से गूंज उठा. शस्त्र पूजन यात्रा की शुरुआत रमुआ स्थित सार्वजनिक दुर्गा मंदिर से हुई. रामभक्तों के इस भारी हुजूम की अगुवाई महासमिति के अध्यक्ष रविंद्र पांडेय ने की. यात्रा में न केवल युवा, बल्कि मातृ शक्तियों की भी बड़ी भागीदारी रही. दोपहिया वाहनों पर सवार हजारों युवाओं का उत्साह देखते ही बन रहा था. महासमिति के पदाधिकारी और अखाड़ों के अध्यक्ष चार पहिया वाहनों में चल रहे थे. यात्रा के रूट में पड़ने वाले संवेदनशील इलाकों को देखते हुए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मुस्तैद रहे. बीडीओ अखिलेश कुमार, सीओ नित्यानंद दास और थाना प्रभारी सपन कुमार महथा दल-बल के साथ डटे रहे. चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात था. दोपहर करीब 12 बजे निकला यह काफिला शस्त्र पूजन के बाद तीन बजे वापस लौटा. तब जाकर अधिकारियों ने राहत की सांस ली. 2009 से निरंतर जारी है परंपरा : बनासो मंदिर में शस्त्र पूजा की यह परंपरा वर्ष 2009 में बजरंग दल द्वारा बासंती दुर्गा पूजा से शुरू की गयी थी. शुरुआत में भक्तों की संख्या कम थी, लेकिन गुजरते सालों के साथ यह एक जनसैलाब का रूप ले चुकी है. अब विष्णुगढ़ के साथ-साथ आसपास के गांवों के ग्रामीण भी बड़ी संख्या में इस आयोजन का हिस्सा बनते हैं. बनासो पहुंचने पर मंदिर के पुरोहितों द्वारा सभी भक्तों का स्वागत किया गया और जलपान की व्यवस्था की गयी. सांसद प्रतिनिधि रविंद्र कुमार बरनवाल, शेखर सुमन, वरुण कुमार, अनूप कसेरा, संदीप कसेरा, अजय साव, विनोद सिंह, प्रयाग साव समेत कई अन्य काफिले में शामिल थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sunil prasad

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >