हजारीबाग. मुनि श्री भाव सागर जी महाराज के सान्निध्य में गुरुवार को प्रातः पारसनाथ दिगंबर जैन मंदिर बड़ा बाजार हजारीबाग में धर्मसभा का आयोजन किया गया. इसमें मांगलिक क्रियाएं संपन्न हुईं. महिला एवं पुरुष वर्ग ने शास्त्र अर्पण किया. इस दौरान मुनि श्री धर्म सागर जी महाराज ने अनेक उदाहरण के माध्यम से धार्मिक क्रियाओं को अच्छे ढंग से करने के बारे में बताया. उन्होंने कहा कि प्रतिदिन पैदल चलें. रोज 30 मिनट पैदल चलने का नुस्खा डॉक्टर से दूर रखता है. मुनि श्री ने कहा कि आज की भागदौड़ की जिंदगी में लोग जिम, दवा और सप्लीमेंट के पीछे भाग रहे हैं, लेकिन सबसे सस्ती, आसान और असरदार दवा आपके पैरों में ही है. रोज 30 से 45 मिनट की तेज चाल न सिर्फ वजन घटाता है, बल्कि शरीर और मन दोनों को दुरुस्त रखता है. दिल और ब्लड प्रेशर के लिए यह संजीवनी है. तेज चलने से हार्ट रेट बढ़ता है. रक्त संचार बेहतर होता है. इससे खराब कोलेस्ट्रॉल कम होता है. अच्छे कोलेस्ट्रॉल की मात्रा बढ़ती है. हाइ ब्लड प्रेशर, हार्ट अटैक और स्ट्रोक का खतरा 30 से 40 प्रतिशत तक कम हो जाता है. रोज पैदल चलने वाले लोगों में हार्ट डिजीज की संभावना काफी कम देखी गयी है. यह शुगर कंट्रोल में मददगार भी होता है. खाने के बाद 15 मिनट टहलना चाहिए. इससे मांसपेशियां ग्लूकोज को सीधे ऊर्जा में बदल देती हैं. पैदल चलना एक वेट-बेयरिंग एक्सरसाइज है. इससे हड्डियों का घनत्व बढ़ता है. 30 मिनट तेज चलने से लगभग 150 से 200 कैलोरी बर्न होती है. अगर डाइट कंट्रोल हो, तो महीने भर में दो से तीन किलो वजन आसानी से घट सकता है.
पैदल चलना शरीर व मन दोनों के लिए लाभकारी : मुनि श्री
धर्मसभा में मुनि श्री धर्म सागर जी महाराज ने पैदल चलने के लाभों पर डाला प्रकाश
