हजारीबाग. उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल के आयुक्त विजय कुमार गुप्ता ने मंगलवार को समाहरणालय सभागार में विभिन्न विभागों के राजस्व संग्रहण की समीक्षा बैठक की. उन्होंने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं के सफल क्रियान्वयन के लिए राजस्व वृद्धि आवश्यक है. सभी विभाग राज्य सरकार द्वारा निर्धारित राजस्व लक्ष्य हासिल करने के लिए अपनी वैधानिक शक्तियों का उपयोग करें. बैठक में खान, वाणिज्य कर, परिवहन, उत्पाद, निबंधन, नगर निगम, मत्स्य समेत अन्य विभागों के वार्षिक लक्ष्य एवं उपलब्धि की समीक्षा की गयी. आयुक्त ने फ्लैट निबंधन के मामलों में तेजी लाने, क्षतिग्रस्त अभिलेखों के संरक्षण तथा राजस्व बढ़ाने के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया. परिवहन विभाग को बिचौलियों पर रोक लगाने, डिफॉल्टर व ओवरलोड वाहनों के खिलाफ अभियान चलाने तथा विभागीय कार्यप्रणाली में सुधार करने को कहा गया. उत्पाद विभाग को बिहार सीमा से सटे क्षेत्रों में अवैध शराब निर्माण व तस्करी के खिलाफ सघन अभियान चलाने का निर्देश दिया गया. वहीं वाणिज्य कर विभाग को जीएसटी बकायेदारों की सूची तैयार कर कार्रवाई करने तथा खनन विभाग को अवैध बालू उठाव व खनन पर कड़ी निगरानी रखने को कहा गया.
लंबित दाखिल-खारिज मामलों पर जतायी नाराजगी
आयुक्त ने लंबित दाखिल-खारिज मामलों पर नाराजगी जताते हुए कहा कि अनावश्यक लंबितता बर्दाश्त नहीं की जायेगी. समय पर निष्पादन नहीं होने पर संबंधित अंचल अधिकारियों के विरुद्ध सेवा अधिकार अधिनियम के तहत कार्रवाई की जायेगी. बैठक में भू-अर्जन, म्यूटेशन, एलपीसी, लीज, एफआरए तथा आधारभूत संरचना परियोजनाओं की भी समीक्षा की गयी. उपायुक्त ने सरकारी भूमि पर अतिक्रमण, अवैध निर्माण और कब्जों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. बैठक में उप विकास आयुक्त रिया सिंह, नगर आयुक्त ओमप्रकाश गुप्ता, अपर समाहर्ता महेंद्र छोटन उरांव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे.
