कटकमसांडी. ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से प्लान इंडिया द्वारा ग्राम हेदलाग एवं गोविंदपुर की करीब 50 महिलाओं को मशरूम उत्पादन का प्रशिक्षण दिया गया. प्रशिक्षण में ऑयस्टर मशरूम उत्पादन की पूरी प्रक्रिया की जानकारी दी गयी. इसमें बीज तैयार करने की विधि, भूसा उपचार, उत्पादन तकनीक, रख-रखाव, रोग नियंत्रण और विपणन से संबंधित पहलुओं पर जानकारी दी गयी. प्रशिक्षकों ने मशरूम बैग तैयार करने, बीज डालने तथा तापमान व नमी बनाये रखने के व्यावहारिक तरीके भी प्रदर्शित किये. महिलाओं ने प्रशिक्षण में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए स्वरोजगार के इस अवसर में रुचि दिखायी. संस्था प्रतिनिधियों ने बताया कि मशरूम उत्पादन ग्रामीण महिलाओं के लिए अतिरिक्त आय का प्रभावी माध्यम बन सकता है. इससे महिलाएं प्रतिमाह पांच से 10 हजार रुपये तक आय अर्जित कर सकती हैं. कार्यक्रम में महिलाओं को समूह बनाकर स्वरोजगार गतिविधियों से जुड़ने के लिए भी प्रेरित किया गया.
महिलाओं को मशरूम उत्पादन का प्रशिक्षण
स्वरोजगार से जोड़ने व आत्मनिर्भर बनाने की पहल
