तीन मौतों का रहस्य बरकरार. एफएसएल रिपोर्ट का इंतजार

23 अप्रैल को पौंता गांव से लापता होने के चार दिन बाद मिला था एक युवक व दो युवतियों का शव

हजारीबाग. मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के पौंता गांव से लापता एक युवक व दो युवतियों की मौत के रहस्य से अबतक पर्दा नहीं उठा है. पुलिस एफएसएल रिपोर्ट का इंतजार कर रही है. इधर, मृत युवक के मोबाइल से जो वीडियो पुलिस के हाथ लगा है, वह चौंकाने वाला है. शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में पोस्टमार्टम में तीनों के पेट से पानी नहीं निकलने की पुष्टि हुई थी. इसके बाद पुलिस ने तीनों शवों का बिसरा जांच के लिए रांची स्थित स्टेट फॉरेंसिक साइंस लेबोरेट्री भेजा था. जानकारी के अनुसार, रांची से एफएसएल रिपोर्ट शीघ्र ही आने की संभावना बतायी जा रही है. इसके अलावा तीनों युवक-युवतियों की मौत का रहस्य जानने के लिए पुलिस ने तीनों का बिसरा सेंट्रल फॉरेंसिक साइंस लेबोरेट्री चंडीगढ़ भी भेजा है. जांच रिपोर्ट आने के बाद उनकी मौत के राज का खुलासा हो जायेगा. वहीं पुलिस मामले में बारीकी से अनुसंधान कर रही है. इस क्रम में दर्जन भर से अधिक लोगों से पूछताछ की गयी है. घटनास्थल से फॉरेंसिक टीम ने कई नमूने भी एकत्र किये थे. बावजूद पुलिस को कोई पुख्ता साक्ष्य नहीं मिला. तीनों की मौत के रहस्य का खुलासा शीघ्र होगा एसपी अमन कुमार ने कहा कि मामले का शीघ्र ही खुलासा किया जायेगा. रांची विधि शाला से जांच रिपोर्ट दो-चार दिनों में आने की संभावना है. वहीं सेंट्रल विधि शाला चंडीगढ़ को जांच रिपोर्ट जल्द भेजने के लिए रिक्वेस्ट लेटर भेजा गया है. क्या है मामला : 23 अप्रैल 2026 की दोपहर मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के पौंता गांव से कटकमदाग सुल्ताना के युवक आदिल हुसैन, लोहसिंघना थाना क्षेत्र के मंडई की सानिया परवीन और पौंता गांव की खुशी परवीन लापता हो गये थे. चार दिन बाद 27 अप्रैल 2026 को तीनों का शव डेमोटांड़ पौंता स्थित कोनार नदी में मिला था. तीनों मृतक आपस में रिश्तेदार थे. इस संबंध में मृतका के परिजन ने मुफ्फसिल थाना में हत्या का मामला दर्ज कराया था.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: SUNIL PRASAD

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >