स्वास्थ्य, पेयजल, राशन वितरण व बिजली का मुद्दा उठा

बरही प्रखंड पंचायत समिति की मासिक बैठक

बरही. बरही प्रखंड पंचायत समिति की मासिक बैठक मंगलवार को ब्लॉक सभागार में हुई. अध्यक्षता प्रमुख मनोज रजक ने की. संचालन बीडीओ जयपाल महतो ने किया. बैठक में पंचायत समिति सदस्यों ने स्वास्थ्य, पेयजल, पशुपालन, राशन वितरण, बिजली व्यवस्था के साथ साथ विभिन्न योजनाओं से संबंधित मुद्दों को उठाया. सदन को बताया कि दौरवा-कुंडवा सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी नहीं बैठते हैं. प्रखंड में 54,600 लोगों का आयुष्मान कार्ड नहीं बन पाया है. पालतू मवेशियों का रोस्टरवार टीकाकरण नहीं हो रहा है. प्रखंड के 25 आंगनबाड़ी केंद्रों में पेयजल की सुविधा नहीं है. जिससे इस गर्मी में बच्चों को परेशानी हो रही है. सदस्यों ने जानना चाहा कि प्रखंड के 156 खराब चापाकलों में से कितने की मरम्मत की जा सकी है. एक सदस्य ने गत वर्ष पशु वितरण योजना के तहत वितरित किये गये मवेशियों के लाभुकों की सूची मांगी. बीडीओ ने सदस्यों द्वारा उठाये गये मामलों पर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया. बैठक में बताया गया कि 15वें वित्त से प्राप्त राशि पंचायतों में लंबित योजनाओं को पूर्ण करने में उपयोग की जायेगी. अनुमंडलीय अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ प्रकाश ज्ञानी ने बताया कि अस्पताल में मलेरिया जांच, सीबीसी, लीवर फंक्शन टेस्ट, किडनी फंक्शन टेस्ट समेत कुल 46 प्रकार की जांच मामूली शुल्क लेकर की जा रही है. बैठक में बिजली विभाग के अधिकारी के उपस्थित नहीं होने पर कारण बताओ नोटिस जारी करने का प्रस्ताव पारित किया गया. बैठक में उपप्रमुख देवलाल कुशवाहा, पंसस रेखा देवी, जितेंद्र कुमार दिव्य, कलावती देवी, मो तैयब, विकास सिंह, मो यूसुफ, सुमिया देवी, अर्चना भारती, बिनोद यादव, प्रभु यादव, रौशन खातून, आइसा खातून, बिहारी यादव, रोहित यादव, सुजीत कुमार, आशा देवी, सहदेव प्रसाद, रोहित कुमार यादव, बीसीओ संजय यादव, प्रखंड समन्वयक विजय कुमार, मो इम्तियाज़, केदार प्रजापति, आशिफ अकरम, सुधांशु शेखर मौजूद थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: SUNIL PRASAD

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >