इचाक. एनएच-33 पथ पर इचाक थाना क्षेत्र के इचाक मोड़ के समीप सोमवार की शाम हुई सड़क दुर्घटना में स्कूटी सवार शिक्षिका सोनाली सिन्हा (30) की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. जबकि उनके साथ स्कूटी पर सवार एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. मृतका होली क्रॉस स्कूल हजारीबाग की शिक्षिका थी और धनबाद की रहने वाली थी.
स्कूटी गिरते ही पीछे से आया टैंकर
थाना प्रभारी गौतम कुमार ने बताया कि शिक्षिका स्कूटी से हजारीबाग की ओर जा रही थी. इसी दौरान स्कूटी अनियंत्रित हो गयी और वह सड़क पर गिर गयी. तभी पीछे से आ रहे टैंकर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया. इस कारण घटनास्थल पर ही शिक्षिका सोनाली सिन्हा की मौत हो गयी. वहीं स्कूटी पर सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया.
शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा, स्कूटी व कंटेनर जब्त
घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल हजारीबाग भेज दिया. वहीं घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया. पुलिस ने स्कूटी एवं कंटेनर को जब्त कर लिया है. इधर, पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है.
शिक्षिका की मौत से विद्यालय में शोक
शिक्षिका के असामयिक निधन से विद्यालय में शोक की लहर है. विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिका एवं विद्यार्थियों ने शोक संवेदना व्यक्त की है.
