हजारीबाग. झारखंड वित्त मंत्रालय द्वारा आयोजित अबुआ दिशोम बजट संगोष्ठी-2026-27 में हजारीबाग के युवा सुश्रत कुमार सिंह के आठ सुझावों को सरकार ने स्वीकार कर लिया है. संभावना जतायी जा रही है कि इन सुझावों को अबुआ दिशोम बजट में शामिल किया जायेगा. राज्य सरकार ने मजबूत, बहुआयामी और दूरदर्शी बजट तैयार करने के उद्देश्य से अबुआ दिशोम पोर्टल के माध्यम से राज्यभर के नागरिकों से सुझाव आमंत्रित किये थे, ताकि बजट संतुलित, समावेशी और व्यापक हो तथा जन-आकांक्षाओं के साथ विकास को नयी गति मिल सके. सुश्रत कुमार सिंह ने जनजातीय क्षेत्रों को केंद्र में रखते हुए पोषण, चिकित्सा, शिक्षा और परिवार कल्याण सेवाओं में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआइ) व डिजिटल तकनीक के समावेशन का सुझाव दिया. उनका कहना है कि इससे दूर-दराज के इलाकों में बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करायी जा सकती है. इसके अलावा उन्होंने कृषि, पशुपालन, सहकारिता, ऊर्जा विभाग सहित कुल 28 विभागों से जुड़े व्यावहारिक और विकासोन्मुख सुझाव दिये थे. सरकार द्वारा आठ सुझावों को स्वीकृति मिलना युवाओं की भागीदारी और सोच की सराहना के रूप में देखा जा रहा है. सुश्रत ने बताया कि इससे पहले भी उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिल चुकी है. नेशनल यूनिटी डे 2025 पर आयोजित नेशनल स्पेस डे 2025 क्विज प्रतियोगिता में उन्हें दो बार 2000-2000 रुपये का पुरस्कार प्राप्त हुआ था. सुश्रत ने दसवीं की पढ़ाई डीएवी से की है. वहीं विनोबा भावे विवि से बीसीए की डिग्री हासिल की है. वर्तमान में सिविल सर्विसेज की तैयारी कर रहे हैं. वे हजारीबाग जुलू पार्क के रहनेवाले हैं. सुश्रत सुशील कुमार सिंह व वर्षा सिंह के पुत्र हैं.
अबुआ दिशोम बजट संगोष्ठी में सुश्रत के आठ सुझाव स्वीकार

अबुआ दिशोम बजट संगोष्ठी में सुश्रत के आठ सुझाव स्वीकार
Copied link
हजारीबाग के जुलू पार्क के रहनेवाले हैं, पहले भी मिल चुकी है राष्ट्रीय स्तर पर पहचान