पवित्र बृहस्पतिवार पर आज गिरजाघरों में विशेष पूजा

पवित्र बृहस्पतिवार व गुड फ्राइडे की तैयारी पूरी

हजारीबाग. जिले में ईसाई समुदाय ने पवित्र बृहस्पतिवार और गुड फ्राइडे की तैयारी पूरी कर ली है. गिरजाघरों में विशेष पूजा-अर्चना की तैयारियां अंतिम चरण में हैं. पवित्र बृहस्पतिवार के दिन शाम 5:00 बजे से गिरजाघर में विशेष पूजन समारोह होगा. जिसके मुख्य अनुष्ठाता बिशप आनंद जोजो होंगे. इस दौरान पारंपरिक पैर धोने की रस्म भी निभायी जायेगी, जिसमें 12 लोगों के पैर धोकर प्रभु यीशु की सेवा और विनम्रता के संदेश को जीवंत किया जायेगा. इसके बाद शाम छह बजे से आठ बजे तक पवित्र क्रूस की आराधना, यीशु मसीह के प्रति श्रद्धा स्वरूप चुंबन और परम प्रसाद की विधि संपन्न होगी. पूरे कार्यक्रम में सादगी और आध्यात्मिकता का ध्यान रखा जायेगा. फादर एंथोनी और फादर अनूप लकड़ा ने बताया कि तीन अप्रैल को गुड फ्राइडे के दिन श्रद्धालु उपवास और प्रार्थना में लीन रहेंगे. इस दिन गिरजाघरों को बिना फूलों के सादगीपूर्ण ढंग से सजाया जायेगा, जो शोक और बलिदान का प्रतीक हैं. दोपहर तीन बजे से शाम छह बजे तक क्रूस मार्ग की विशेष आराधना होगी, जिसमें प्रभु यीशु के कष्टमय जीवन के 14 पड़ावों को झांकियों के माध्यम से प्रस्तुत किया जायेगा. गुड फ्राइडे के उपरांत शनिवार को चर्चों और घरों की सजावट की जायेगी, ताकि ईस्टर पर्व का उल्लास पूर्वक स्वागत किया जा सके. रात 11 बजे से विशेष निशा पूजा के साथ पुनरुत्थान का संदेश दिया जायेगा. ईसाई समुदाय के अनुसार यह पूरा पर्व त्याग, सेवा, आत्मचिंतन और मानवता के प्रति प्रेम व क्षमा का संदेश देता है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By SUNIL PRASAD

SUNIL PRASAD is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >