बरकट्ठा: प्रखंड क्षेत्र के चेचकप्पी पंचायत स्थित सिजुआ गांव में गुरुवार दोपहर एक हादसे में मचान गिरने से तीन महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गयीं. घटना के संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोपहर के वक्त अचानक मूसलाधार बारिश शुरू हो गयी थी.
बारिश के तेज पानी से खुद को बचाने के लिए कुछ ग्रामीण एक मचान के नीचे शरण लिये हुए थे. इसी दौरान अचानक से मचान भरभराकर नीचे गिर गया, जिसकी चपेट में आने से तीन महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गयी.
घायलों में कलीका कुमारी (16, पिता दीपक सिंह), उषा देवी (20, पति उमेश सिंह) और कुंती कुमारी (15, पिता इंदर सिंह) शामिल हैं. सभी सिजुआ के निवासी हैं. घटना के तुरंत बाद आसपास के लोगों की मदद से सभी घायलों को त्वरित इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरकट्ठा पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उनका इलाज किया गया. इस अचानक हुई दुर्घटना से गांव में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया था.
