हजारीबाग. डीसी हेमंत सती की अध्यक्षता में शुक्रवार को समाज कल्याण, सामाजिक सुरक्षा एवं बाल संरक्षण विभाग की समीक्षा बैठक हुई. इसमें योजनाओं और कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये गये. डीसी ने सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना और प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना की समीक्षा करते हुए कहा कि पात्र लाभुकों के चयन में विशेष सतर्कता बरती जाए, ताकि कोई भी योग्य व्यक्ति लाभ से वंचित न रहे और अपात्र लोगों का चयन न हो. उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए बच्चों को पौष्टिक आहार, स्वच्छता और प्रारंभिक शिक्षा उपलब्ध कराने पर जोर दिया. बच्चों को यूनिफॉर्म, जूते और मोजे उपलब्ध कराने तथा सभी केंद्रों में निर्धारित तिथि पर ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण दिवस (वीएचएसएनडी) आयोजित करने का निर्देश दिया. बाल संरक्षण विभाग की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने कहा कि आर्थिक एवं सामाजिक कारणों से स्कूल से दूर बच्चों का नामांकन सुनिश्चित किया जाए. अनाथ एवं जरूरतमंद बच्चों को स्पॉन्सरशिप योजना का लाभ देने तथा पॉक्सो प्रभावित बच्चों के पुनर्वास के लिए प्रभावी कार्रवाई करने को कहा. बैठक में निर्माणाधीन प्लेस ऑफ सेफ्टी के कार्यों की भी समीक्षा की गयी. बैठक में डीडीसी रिया सिंह, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी शिप्रा सिन्हा उपस्थित थे.
पात्र लाभुकों का ही करें चयन : डीसी
समाज कल्याण विभाग की योजनाओं की समीक्षा बैठक
