हजारीबाग. हजारीबाग-रांची फोरलेन मार्ग पर डेमोटांड़ में सोमवार को स्कॉर्पियो (जेएच02बीएल-0279) और कार (जेएच02बीए-6064) के बीच जोरदार टक्कर हो गयी. इस दुर्घटना में दोनों वाहन में सवार लोग बाल-बाल बच गये. दोनों वाहन हजारीबाग से रांची की ओर जा रहे थे. मुफ्फसिल पुलिस ने बताया कि कार को पीछे से स्कॉर्पियो ने ठोकर मार दी. जिससे कार असंतुलित होकर आगे चल रहे एक ट्रक से जा टकरायी. दुर्घटना के बाद स्कॉर्पियो चालक तेज गति से वाहन को भगाने लगा. इसकी सूचना पाकर मुफ्फसिल पुलिस ने स्कॉर्पियो का पीछा कर पकड़ लिया. पुलिस दोनों वाहनों को थाना ले गयी है.
बाइक की भिड़ंत में तीन युवक जख्मी
कटकमसांडी. थाना क्षेत्र के डाटो मुख्य मार्ग पर बसंतपुर गांव के पास सोमवार की शाम दो बाइक की टक्कर में तीन युवक जख्मी हो गये. तीनों को सीएचसी में इलाज के बाद शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया है. घायलों में घाटो तापिन निवासी रितेश उरांव, विशाल कच्छप और कटकमसांडी बाझा के अरविंद तिर्की शामिल हैं. पुलिस दोनों दुर्घटनाग्रस्त बाइक जब्त कर थाना ले आयी है.
ट्रक-बाइक की टक्कर, तीन घायल
बरही. ओल्ड जीटी रोड पर डीवीसी के पास सोमवार को बाइक व ट्रक की टक्कर में बाइक सवार तीन युवक घायल हो गये. घायलों में पीयूष (18 वर्ष), गोलू गिरी (17 वर्ष) व अभिषेक गिरी (18 वर्ष) शामिल हैं. तीनों ग्राम पडरिमा के रहने वाले हैं. इन्हें बरही अनुमंडलीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद हजारीबाग मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.