प्रतिनिधि, हजारीबाग: अग्रवाल महिला मंडल की ओर से अग्रसेन भवन में आयोजित दो दिवसीय सावन उत्सव मेले का रविवार को समापन हो गया. दो दिनों तक चले इस आयोजन में शहरवासी शामिल हुए. मेले में खरीदारी, मनोरंजन, पारंपरिक संस्कृति और स्वादिष्ट व्यंजनों का अनूठा संगम देखने को मिला. मेले में 20 से अधिक स्टॉल लगाये गये थे, जहां महिलाओं और स्थानीय उद्यमियों ने परिधान, ज्वेलरी, होम डेकोर, हस्तशिल्प, उपहार सामग्री समेत विभिन्न उत्पादों की प्रदर्शनी व बिक्री की. वहीं गेम्स जोन और व्यंजनों के स्टॉल पर लोगों की खासी भीड़ रही. इस वर्ष जयपुर की पारंपरिक थीम पर तैयार ''चौकी ढाणी'' सेल्फी प्वाइंट लोगों के आकर्षण का केंद्र बना रहा. राजस्थानी संस्कृति की झलक से सजे इस स्थल पर लोगों ने परिवार और मित्रों के साथ तस्वीरें खिंचवाईं.
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोहा
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने नृत्य, संगीत और अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया. उनकी प्रस्तुति पर दर्शकों ने तालियों से उत्साहवर्धन किया. आयोजन की सफलता में अग्रवाल महिला मंडल की अध्यक्ष सोनल अग्रवाल, सचिव राखी अग्रवाल, कोषाध्यक्ष पूजा मुनका सहित सभी सदस्यों की सक्रिय भूमिका रही. अध्यक्ष सोनल अग्रवाल ने आगंतुकों, प्रतिभागियों, स्टॉल संचालकों और सहयोगियों का आभार जताते हुए कहा कि ऐसे आयोजन सामाजिक एकता को मजबूत करने के साथ महिलाओं को स्वरोजगार और अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का सशक्त मंच भी उपलब्ध कराते हैं.
