बरकट्ठा. प्रखंड क्षेत्र में इन दिनों बिजली की अनियमित आपूर्ति से ग्रामीणों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. इसी मामले को लेकर बरकट्ठा उतरी पंचायत भवन में जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीणों की बैठक हुई. अध्यक्षता पूर्व मुखिया सह वर्तमान प्रतिनिधि बसंत साव ने की संचालन दर्शन सोनी ने किया.
बसंत साव ने कहा बिजली की आंख-मिचौली और बार-बार बिजली बाधित होने के कारण दैनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं. बच्चों के पढ़ाई के साथ-साथ आम जन जीवन पर भी प्रभाव पड़ रहा है. यदि इस समस्या का जल्द समाधान नहीं हुआ तो एक सप्ताह के बाद पावर हाउस में धरना प्रदर्शन और आमरण अनशन किया जाएगा.
दर्शन सोनी ने कहा कि लंबे समय तक बिजली नहीं रहने से बच्चों की पढ़ाई, घरेलू कामकाज तथा छोटे-बड़े व्यवसायों पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है. वहीं कई क्षेत्रों में लो वोल्टेज की समस्या भी हमेशा बनी रहती है. ग्रामीणों का कहना है कि बिजली विभाग की ओर से नियमित एवं पर्याप्त विद्युत आपूर्ति नहीं होने के कारण लोगों में नाराजगी है. विभागीय अधिकारियों से क्षेत्र में नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने, लो वोल्टेज की समस्या दूर करने तथा लचर विद्युत व्यवस्था में जल्द सुधार करने की मांग की है.
मौके पर पंसस प्रतिनिधि संजय गुप्ता, महेश मंडल, विजय यादव, छोटेलाल, जाहिद खान, ईश्वर यादव, मनोज विश्वकर्मा, उमेश मोदी, विनोद शाह, हीरानंद साव, रामदेव साव, किशोर कुमार, दर्शन राणा, मथुरा यादव, पंचानंद लाल, विकास यादव, प्रकाश कुमार समेत अन्य लोग उपस्थित थे.
