हजारीबाग के कटकमसांडी में सवारी गाड़ी पलटने से एक की मौत, आधा दर्जन लोग घायल

Hazaribagh Road Accident: हजारीबाग के कटकमसांडी-डॉटो मार्ग पर चंदवा टोंगरी के पास सवारी गाड़ी पलटने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए. बाइक को बचाने के दौरान वाहन अनियंत्रित होकर गड्ढे में पलट गया. घायलों का इलाज अस्पताल में जारी है. इससे जुड़ी खबर नीचे पढ़ें.

कटकमसांडी से उमाकांत शर्मा की रिपोर्ट

Hazaribagh Road Accident: झारखंड के हजारीबाग जिले के कटकमसांडी प्रखंड क्षेत्र में मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. कटकमसांडी-डॉटो मार्ग पर चंदवा टोंगरी के पास एक सवारी गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई. हादसे में गाड़ी में सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और घायलों को वाहन से बाहर निकालने में मदद की. हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई.

मृतक की हुई पहचान

सड़क दुर्घटना में मृत व्यक्ति की पहचान चतरा जिले के दुआरी गांव निवासी बिनोद भुइयां (45 वर्ष) के रूप में हुई है. वह बिनाही भुइयां के पुत्र बताए जा रहे हैं. हादसे में उन्हें गंभीर चोट लगी, जिसके कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया. स्थानीय लोगों ने बताया कि हादसा काफी भयावह था और गाड़ी पलटते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई.

कई यात्री घायल, अस्पताल में इलाज जारी

इस दुर्घटना में कई लोग घायल हुए हैं. गंभीर रूप से घायल लोगों में अमित राणा, पिता भैरव राणा, ग्राम बाझा निवासी शामिल हैं. इसके अलावा डॉटो गांव की सरिता देवी और मुनिया देवी भी घायल हुई हैं. अन्य यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं. सभी घायलों को इलाज के लिए कटकमसांडी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया है. वहीं गंभीर रूप से घायल अमित राणा को बेहतर इलाज के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल, हजारीबाग रेफर किया गया है.

बाइक को बचाने के दौरान हुआ हादसा

प्राप्त जानकारी के अनुसार सवारी वाहन हजारीबाग से यात्रियों को लेकर डॉटो की ओर जा रही थी. मंगलवार दोपहर करीब दो बजे चंदवा टोंगरी के पास अचानक सामने आए एक मोटरसाइकिल सवार को बचाने के दौरान चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया. चकमा देने के क्रम में गाड़ी सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई. वाहन पलटते ही उसमें सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और कई लोग घायल हो गए.

इसे भी पढ़ें: बिजली-पानी संकट पर भाजपा का प्रदर्शन, सिर पर मटका लेकर जताया विरोध

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही कटकमसांडी पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में ले लिया है और हादसे के कारणों की पड़ताल की जा रही है. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है. वहीं स्थानीय लोगों ने सड़क पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने पर चिंता जताई है.

इसे भी पढ़ें: रांची में बड़ा सड़क हादसा: बेकाबू बस से कुचलकर दो की मौत, आक्रोशित लोगों ने सड़क किया जाम

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By KumarVishwat Sen

कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >