हजारीबाग. शहर में ओमेगा कप हजारीबाग टी-10 प्रीमियर लीग नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन 15 से 25 मई तक अन्नदा स्कूल मैदान में होगा. टूर्नामेंट को लेकर गुरुवार को नवाबगंज स्थित आकाशदीप शादी घर में प्रेस वार्ता की गयी. टूर्नामेंट के आयोजक सह ओमेगा ग्रुप के फाउंडर मेंबर शादाब अंसारी ने बताया कि टूर्नामेंट का उदघाटन 15 मई की शाम 5.30 बजे होगा. जिसमें सांसद मनीष जायसवाल, सदर विधायक प्रदीप प्रसाद, महापौर अरविंद कुमार राणा, पूर्व सांसद भुवनेश्वर प्रसाद मेहता सहित कई अतिथि शरीक होंगे. इस नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट में कुल 16 टीमें भाग ले रही हैं. सभी टीमों के बीच लीग मैच खेले जायेंगे. शीर्ष टीमें अगले चरण में प्रवेश करेंगी. टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला 25 मई को होगा. सभी मैच शाम छह बजे से रात 11.30 बजे तक खेले जायेंगे. प्रेस वार्ता में पूर्व सांसद भुनेश्वर प्रसाद मेहता, अधिवक्ता शंभु कुमार, गुलाम जिलानी, ऋतुराज दास, निजाम अंसारी, महेंद्र राम, मो हकीम, शमीम एजाज, अफरोज अख्तर, संदीप कुमार, अरशद रजा एवं रेहान फैजल सहित अन्य उपस्थित थे.
16 टीमों के बीच होगा महामुकाबला
शादाब अंसारी ने बताया कि ग्रुप ए में ओमेगा पैंथर्स, हजारीबाग ओल्ड 11, प्रोग्रेसिव फार्मा और हेलिओस वॉरियर्स, ग्रुप बी में बलिया, एफसीसी, जैक एवं अन्नदा कॉलेज, ग्रुप सी में डब्ल्यूटीआइ, आतिश बजाज, मयाल 11 और जेवियर्स टाइटन एवं ग्रुप डी में आरके सन पावर, गुड्डू-11, डीएक्स-11 और जेडएच रोड प्लेयर्स-11 टीमें शामिल हैं. विजेता टीम को 1,50,000 और उपविजेता टीम को 75 हजार के साथ ट्रॉफी और मेडल दिया जायेगा. प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट, मैन ऑफ द मैच और मैन ऑफ द सीरीज का भी पुरस्कार दिया जायेगा. प्रत्येक मैच में मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया जायेगा. खिलाड़ियों एवं दर्शकों के लिए बेहतर सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था की तैयारी की जा रही है.
