प्रतिनिधि, हजारीबाग. उच्च न्यायालय के निर्देश के अनुपालन में नगर निगम ने शनिवार को मटवारी रोड में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया. नगर आयुक्त ओमप्रकाश गुप्ता के निर्देश पर निगम की टीम ने पीटीसी चौक से मटवारी चौक तक सड़क के दोनों ओर नाली पर लगायी गयी फुटपाथ दुकानों को हटाया. इस दौरान कई अस्थायी दुकानों को बुलडोजर से ध्वस्त किया गया, जबकि कई दुकानदार अपना ठेला-गुमटी हटाते नजर आये. सहायक नगर आयुक्त विपिन कुमार ने बताया कि अभियान का उद्देश्य यातायात को सुगम बनाना और सड़क जाम की समस्या से निजात दिलाना है. उन्होंने कहा कि फिलहाल सड़क किनारे नाली के भीतर चलंत ठेले पर लगने वाली दुकानों पर कार्रवाई नहीं की जा रही है. फुटपाथ दुकानदारों से नाली पर अतिक्रमण नहीं करने की अपील की गयी है. अभियान में सहायक नगर आयुक्त अनिल कुमार पांडेय, नगर प्रबंधक संतोष कुमार, उपेंद्र कुमार, प्रीतम सिंह, सतीश, दीपक गोस्वामी समेत अन्य कर्मी शामिल थे.
मटवारी रोड में हटाया गया अतिक्रमण, नाली पर लगी अस्थायी दुकानें ध्वस्त

अतिक्रमण हटाते सहायक नगर आयुक्त व अन्य | Prabhat Khabar Network
Copied link
हजारीबाग में हाईकोर्ट के निर्देश पर नगर निगम ने मटवारी रोड से अतिक्रमण हटाया। नाली पर बनी अस्थायी दुकानों को ध्वस्त कर यातायात सुगम बनाने का प्रयास किया गया।