बरही. ग्राम दुलमुहा में विवाहिता रिशु कुमारी (27 वर्ष) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गयी. उसका शव ससुराल में फंदे से लटका मिला. घटना आठ मार्च की रात करीब 11 बजे की है. इस संबंध में मृतका के पिता राजकुमार राम (ग्राम बेला निवासी) के आवेदन पर बरही पुलिस ने मृतका के पति विकास कुमार, ससुर इंद्रदेव राम, सास रीना देवी, देवर आशीष कुमार, ननद नीतू कुमारी व नंदोसी मिथिलेश राम (पिता देवधारी राम, कोनी, इटखोरी) के विरुद्ध दहेज हत्या का मामला दर्ज किया है. वहीं पति विकास कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. प्राथमिकी के अनुसार रिशु कुमारी की शादी वर्ष 2019 में हुई थी. शादी के बाद से ही ससुराल वाले दहेज में मोटरसाइकिल की मांग को लेकर रिशु को प्रताड़ित करते थे. इसे लेकर सामाजिक पंचायत हुई थी. घटना की रात दामाद विकास कुमार ने मोबाइल पर फोन कर सूचना दी कि आपकी बेटी रिशु कुमारी की तबीयत खराब हो गयी है. उसे इलाज के लिए बरही अनुमंडलीय अस्पताल ले जा रहे हैं. सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग अस्पताल पहुंचे, तो वहां रिशु कुमारी को मृत पाया. पति विकास कुमार व ससुराल पक्ष के लोग रिशु के शव को हॉस्पिटल में छोड़कर भाग गये. मृतका के पिता का आरोप है कि ससुराल वालों ने दहेज के लिए रिशु कुमारी की हत्या की है. मृतका के दो छोटे बच्चे हैं. बड़ा बेटा बंकू सात वर्ष व छोटा बेटा अंकु ढाई वर्ष का है. इस संबंध में बरही थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है. घटना की प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है.
विवाहिता की ससुराल में मौत, पति गिरफ्तार
पिता ने ससुराल वालों पर दहेज हत्या का केस किया
