दारू: हजारीबाग जिले के दारू प्रखंड के कविलासी पंचायत में सोमवार को जल अर्पण दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों में जलापूर्ति योजनाओं के प्रति स्वामित्व की भावना विकसित करने के साथ इनके संरक्षण, रखरखाव और सुचारू संचालन में सामुदायिक भागीदारी को बढ़ावा देना था. कार्यक्रम में जल बंधन, जल यात्रा और जल शपथ का आयोजन किया गया. जलापूर्ति योजनाओं के निर्माण और संचालन में योगदान देने वाले लोगों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया. ग्रामीणों से योजनाओं की नियमित देखरेख और रखरखाव में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की गयी, ताकि हर परिवार को नियमित और गुणवत्तापूर्ण पेयजल मिल सके.
जल का दुरुपयोग पर रोक
इस दौरान जल के दुरुपयोग पर रोक लगाने, प्रत्येक परिवार को जलकर का भुगतान करने, वर्षा जल संचयन और एफटीके (फील्ड टेस्टिंग किट) से पेयजल स्रोतों की नियमित जांच के बारे में जानकारी दी गयी. अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने कहा कि जलापूर्ति योजनाओं की सफलता केवल निर्माण तक सीमित नहीं है. इनके सतत संचालन में समुदाय की भागीदारी जरूरी है. मौके पर कार्यपालक अभियंता, सहायक व कनीय अभियंता, जिला समन्वयक, जिला परिषद सदस्य, मुखिया, उपमुखिया, जलसहिया, प्रखंड वाश समन्वयक समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे.
